Air India:आधे रास्ते से वापस लौटा दुबई जा रहा विमान, तिरुवनंतपुरम में सुरक्षित लैंडिंग,जानें पूरा मामला
केरल की राजधानी तिरुवनंतपुरम से दुबई जा रहे एयर इंडिया एक्सप्रेस के एक विमान को कुछ घंटों की उड़ान के बाद आधे रास्ते से वापस तिरुवनंतपुरम एयरपोर्ट पर लौटना पड़ा। तिरुवनंतपुरम एयरपोर्ट के अधिकारियों के मुताबिक उड़ान भरने के कुछ घंटे बाद विमान के एयर कंडीशनिंग सिस्टम में खराबी आ गई थी, जिसके चलते विमान को वापस लौटाने का फैसला लेना पड़ा।
एयर इंडिया एक्सप्रेस की फ्लाइट संख्या आईएक्स 539 में क्रू समेत कुल 178 लोग सवार थे। यह विमान रविवार को दोपहर बाद 1 बजकर 19 मिनट पर तिरुवनंतपुरम एयरपोर्ट से दुबई के लिए उड़ा था। लेकिन, 3 बजकर 52 मिनट पर इसे वापस उसी एयरपोर्ट पर सुरक्षित लैंड कराया गया।

एसी सिस्टम में आ गई थी तकनीकी खराबी-एयरलाइंस
न्यूज एजेंसी पीटीआई के अनुसार एयरपोर्ट अधिकारियों ने कहा, 'विमान की सुरक्षित लैंडिंग हुई है। सभी यात्री और क्रू ठीक हैं। एक लोकल स्टैंडबाय घोषित किया गया था। यह एसी से जुड़ा एक मामला था।' एयरलाइंस की ओर से कहा गया है कि फ्लाइट संख्या आईएक्स 539 जो तिरुवनंतपुरम से दुबई की यात्रा पर था, उसमें टेकऑफ के बाद एयर कंडीशनिंग सिस्टम में तकनीकी खराबी आई थी।
दूसरे विमान से दुबई भेजे गए यात्री
इसके बाद क्रू ने एहतियात के तौर पर इसे वापस तिरुवनंतपुरम एयरपोर्ट में लैंड कराने का फैसला किया। एयर इंडिया के एक प्रवक्ता ने कहा, 'एयरलाइंस ने आरामदायक यात्रा सुनिश्चित करने के लिए तत्काल दूसरे विमान का इंतजाम किया, जिसमें सभी मेहमानों को शाम में पुनर्निर्धारित समय पर प्रस्थान की सुविधा दी गई।'
'सुरक्षित, भरोसेमंद और आरामदायक यात्रा के लिए प्रतिबद्ध'
एयरलाइंस के प्रवक्ता ने कहा कि एयर इंडिया एक्सप्रेस अपने सभी मेहमानों को सुरक्षित, भरोसेमंद और आरामदायक यात्रा का अनुभव देने के लिए प्रतिबद्ध है। उन्होंने यात्रियों से उन्हें हुई देरी के लिए क्षमा मांगी है।
बाद में न्यूज एजेंसी एएनआई की एक रिपोर्ट के मुताबिक दूसरे विमान फ्लाइट संख्या आईएक्स 556 ने शाम 6.12 मिनट पर उड़ान भरी। (तस्वीर-प्रतीकात्मक)












Click it and Unblock the Notifications