क्या आपकी अगली फ्लाइट बिल्कुल सेफ है? Air India हादसे के बाद DGCA ने उठाया ये बड़ा कदम
Air India Crash Impact: क्या आपकी अगली फ्लाइट वाकई सुरक्षित है? एयर इंडिया प्लेन AI 171 क्रैश ने पूरे देश को झकझोर कर रख दिया है और अब इस हादसे के बाद भारत की विमानन सुरक्षा प्रणाली पर भी गंभीर सवाल उठने लगे हैं। इसे देखते हुए नागर विमानन महानिदेशालय (DGCA) ने बड़ा कदम उठाया है।
एयर इंडिया की घटना के बाद DGCA ने अब देशभर की सभी वाणिज्यिक एयरलाइनों के लिए कड़े सुरक्षा ऑडिट की प्रक्रिया शुरू कर दी है। पूरे एविएशन सेक्टर पर सघन ऑडिट की तैयारी शुरू की गई है। इस बार ऑडिट केवल कागजी खानापूरी नहीं होगी, बल्कि सिस्टम की गहराई तक जांच की जाएगी-जैसे पायलट की थकान, तकनीकी रिकॉर्ड्स, मेंटनेंस लॉग, और इमरजेंसी रिस्पॉन्स प्रोटोकॉल तक।

🔴 DGCA ने कहा- रक्षा से कोई समझौता नहीं होगा!
DGCA ने कहा कि इस जांच का मकसद सिर्फ तकनीकी खामियां नहीं, बल्कि नीतिगत और संचालन संबंधी गड़बड़ियों की पहचान करना है। यानी उड़ानों की सुरक्षा को लेकर अब पूरी विमानन प्रणाली की 'एक्स-रे स्कैनिंग' होगी।
DGCA) ने व्यापक सुरक्षा ऑडिट फ्रेमवर्क लागू किया है। इसका उद्देश्य है, सिस्टम में मौजूद कमजोरियों की पहचान करना, एविएशन सेक्टर की लचीलापन क्षमता (resilience) को मजबूत करना और नियमों के सख्त पालन को सुनिश्चित करना। DGCA ने यह स्पष्ट संदेश दिया है कि "सुरक्षा के मामले में कोई समझौता नहीं होगा।" यह ऑडिट वार्षिक निगरानी कार्यक्रम (Annual Surveillance Programme) से अलग होगी।
🔴 ऑडिट में किन-किन को किया जाएगा शामिल?
यह ऑडिट सिर्फ एयरलाइनों तक सीमित नहीं रहेगा, बल्कि एविएशन से जुड़े लगभग सभी संस्थानों को कवर करेगा, जिनमें शामिल हैं:
- एयरलाइंस
- विमान रखरखाव और मरम्मत (MRO) संगठन
- फ्लाइंग ट्रेनिंग स्कूल
- एयर नेविगेशन सेवा प्रदाता
- एयरपोर्ट ऑपरेटर
- ग्राउंड हैंडलिंग एजेंसियां और अन्य
- विशेषज्ञ टीमों की तैनाती
DGCA ने इस कार्य के लिए वरिष्ठ अधिकारियों के नेतृत्व में बहु-विषयक ऑडिट टीमें गठित की हैं, जिनमें विमानन के विभिन्न क्षेत्रों के विषय विशेषज्ञ शामिल हैं। ये टीमें एक कठोर और विस्तृत जांच पद्धति के आधार पर काम कर रही हैं।
जांच में इन बिंदुओं को शामिल किया गया है:
- फिजिकल सुविधाओं का निरीक्षण
- दस्तावेजों की गहन समीक्षा
- कर्मचारियों के इंटरव्यू
- सिमुलेशन आधारित मूल्यांकन
- एयरपोर्ट्स पर रैम्प चेक
- सेफ्टी मैनेजमेंट सिस्टम (SMS) की प्रभावशीलता
- ऑपरेशनल एफिशिएंसी (कार्यकुशलता)
- नियमों और दिशानिर्देशों का अनुपालन
- क्रू और संसाधन प्रबंधन से जुड़े प्रोटोकॉल
🔴 Air India की चूक ने खोली कई परतें
सूत्रों के मुताबिक, एयर इंडिया के हादसे में पायलट और ग्राउंड स्टाफ के बीच कॉर्डिनेशन की कमी, SOP (Standard Operating Procedure) का पालन न होना और मेंटनेंस में संभावित लापरवाही जैसे कई पहलू सामने आए हैं। इन्हीं आधारों पर अब DGCA ने सभी एयरलाइनों की उड़ानों और उनके ऑपरेशनल प्रैक्टिस की जांच की कसौटी और सख्त कर दी है।
🔴 यात्रियों की सुरक्षा पर अब होगी दोहरी निगरानी
DGCA के इस फैसले से यह साफ हो गया है कि अब भारत में उड़ानें केवल टेक्नोलॉजी के भरोसे नहीं, बल्कि सख्त निगरानी और जवाबदेही के आधार पर तय होंगी। यात्रियों की सुरक्षा को लेकर बढ़ती चिंता और अंतरराष्ट्रीय स्तर पर भारत की छवि को देखते हुए यह कदम बेहद अहम माना जा रहा है।
एयर इंडिया हादसे ने न सिर्फ एक एयरलाइन की लापरवाही उजागर की है, बल्कि पूरे एविएशन सिस्टम की नींव को जांच के घेरे में ला दिया है। अब DGCA की यह 'सुरक्षा जांच' बताएगी कि भारत की उड़ानें वास्तव में कितनी सुरक्षित हैं, और कहां कहां अभी सुधार की दरकार है। आने वाले दिनों में इसका असर केवल एयरलाइनों पर नहीं, बल्कि यात्रियों की यात्रा के अनुभव और विश्वास पर भी दिखेगा।












Click it and Unblock the Notifications