Air India Technical Fault: अहमदाबाद क्रैश जैसी गड़बड़ी फिर आई सामने, लंदन में होते-होते बचा बड़ा हादसा
Air India Boeing 787 Dreamliner Technical Fault: एअर इंडिया के अत्याधुनिक बोइंग-787 ड्रीमलाइनर बेड़े पर एक बार फिर सुरक्षा के काले बादल मंडराने लगे हैं। लंदन से बेंगलुरु आने वाली फ्लाइट AI132 में उड़ान से ठीक पहले एक ऐसी तकनीकी खराबी उजागर हुई, जिसने विमानन सुरक्षा (Aviation Safety) और एयरलाइन के दावों की पोल खोल दी है।
सबसे चिंताजनक बात यह है कि यह समस्या ठीक वैसी ही है, जैसी अहमदाबाद में हुई पिछली दुर्घटना के दौरान देखी गई थी। इंजन के फ्यूल कंट्रोल स्विच में आई इस गड़बड़ी ने न केवल यात्रियों की जान जोखिम में डाली, बल्कि बोइंग के पुराने डिजाइन डिफेक्ट पर भी दोबारा बहस छेड़ दी है।

London to Bengaluru Flight: उड़ान से पहले टला बड़ा हादसा
1 फरवरी 2026 को लंदन के हीथ्रो एयरपोर्ट पर एअर इंडिया का बोइंग 787-8 (VT-ANX) बेंगलुरु के लिए तैयार था। इंजन स्टार्ट करते समय पायलटों ने पाया कि बाएं इंजन का फ्यूल कंट्रोल स्विच 'RUN' मोड पर लॉक नहीं हो रहा था। यह स्विच बार-बार अपने आप 'CUTOFF' की स्थिति में जा रहा था। पायलटों की सूझबूझ से उड़ान रोक दी गई, वरना बीच हवा में इंजन बंद होने से बड़ी तबाही हो सकती थी।
ये भी पढे़ं: टेकऑफ के तुरंत बाद Boeing 767 के विमान में लगी आग, सभी यात्री सुरक्षित, जानें कैसे हुई आपात लैंडिंग
Boeing Design Defect: अहमदाबाद क्रैश से जुड़े तार
सेफ्टी मैटर्स फाउंडेशन ने इस घटना की तुलना अहमदाबाद में क्रैश हुई AI-171 फ्लाइट से की है। दोनों ही मामलों में फ्यूल कंट्रोल स्विच का ढीला होना और लॉक न होना मुख्य समस्या बनकर उभरा। यह समानता दर्शाती है कि विमान के इंजन कंट्रोल सिस्टम में कोई गहरा तकनीकी दोष है। अहमदाबाद की घटना से सबक न लेना और वही खराबी दोबारा सामने आना एयरलाइन की सुरक्षा ऑडिट पर गंभीर सवालिया निशान लगाता है।
ये भी पढे़ं: Boeing 787-8: अहमदाबाद की तरह क्रैश होते-होते बचा बोइंग 787-8 ड्रीमलाइनर, 5 हजार फीट पर बंद हुआ इंजन
बोइंग का पुराना 'डिजाइन डिफेक्ट'
संघीय उड्डयन प्रशासन (FAA) ने 2018 में ही बोइंग 787 के फ्यूल कंट्रोल स्विच में कम फ्रिक्शन (घर्षण) को लेकर चेतावनी जारी की थी। FAA के अनुसार, कंपन या घर्षण की कमी के कारण ये स्विच उड़ते विमान में अपने आप 'CUTOFF' मोड पर जा सकते हैं, जिससे इंजन अचानक बंद (In-flight Engine Shutdown) हो सकता है। यह स्पष्ट रूप से बोइंग का एक पुराना डिजाइन डिफेक्ट है जिसे समय रहते पूरी तरह ठीक नहीं किया गया।
ये भी पढ़ें: Jaipur Airport News: एविएशन सेक्टर की सुरक्षा पर गंभीर सवाल! एयर इंडिया फ्लाइट की लैंडिंग फेल
दावों पर सवाल और DGCA की जांच
एअर इंडिया ने दावा किया था कि DGCA के निर्देश पर पूरे बेड़े की जांच की जा चुकी है और सभी विमान सुरक्षित हैं। लेकिन AI132 की घटना ने इन दावों को झुठला दिया है। आखिर जांच में यह खराबी क्यों नहीं पकड़ी गई? फिलहाल, विमान VT-ANX को ग्राउंड कर दिया गया है और एयरलाइन ने विस्तृत रिपोर्ट DGCA को सौंपी है। उड्डयन नियामक अब इस बात की गहन जांच कर रहा है कि क्या पूरे ड्रीमलाइनर बेड़े को फिर से ग्राउंड करने की जरूरत है।












Click it and Unblock the Notifications