Jaipur Airport News: एविएशन सेक्टर की सुरक्षा पर गंभीर सवाल! एयर इंडिया फ्लाइट की लैंडिंग फेल
Jaipur Airport News: अहमदाबाद प्लेन क्रैश के बाद से ही एविएशन सेक्टर की सुरक्षा पर सवाल उठ रहे हैं। बुधवार को महाराष्ट्र के डिप्टी सीएम अजित पवार की विमान हादसे में मौत हो गई। इस बीच जयपुर इंटरनेशनल एयरपोर्ट पर एक बड़ा हादसा टल गया। दिल्ली से जयपुर आ रही एयर इंडिया की फ्लाइट AI-1719 की लैंडिंग करने में मुश्किल आई थी।
सूत्रों के अनुसार, दोपहर करीब 1:05 बजे जब विमान ने पहली बार रनवे पर उतरने की कोशिश की, तो उसके पहियों ने रनवे को छुआ था। हालांकि, सुरक्षित स्थिति नहीं देखकर पायलट ने तुरंत गो-अराउंड का फैसला लिया। पायलट की सूझबूझ से कोई बड़ा हादसा होने से पहले ही टल गया।

Jaipur Airport News: बड़ा हादसा होने से बचा
- जानकारी के मुताबिक, रनवे पर विमान लैंड नहीं हो सका, तो दोबारा हवा में उठाया गया। करीब 10 मिनट तक आसमान में चक्कर लगाने के बाद दूसरी कोशिश में सुरक्षित लैंडिंग कराई गई।
- विमान के अचानक रनवे छूकर फिर उड़ान भरने से यात्रियों में अफरा-तफरी मच गई, लेकिन यात्रियों को क्रू मेंबर्स ने संभाला।
- हालांकि पायलट की सूझबूझ और तय सुरक्षा प्रक्रियाओं की वजह से सभी 135 यात्री पूरी तरह सुरक्षित रहे। इस फ्लाइट में कांग्रेस नेता और गुरदासपुर से सांसद सुखजिंदर सिंह रंधावा भी सवार थे।
Jaipur Airport News: गो-अराउंड के बाद हुई सुरक्षित लैंडिंग
एयरपोर्ट अधिकारियों ने बताया कि गो-अराउंड एक मानक सुरक्षा प्रक्रिया है। अगर पायलट को किसी भी कारण से लैंडिंग सुरक्षित नहीं लगती, तो वह विमान को फिर से हवा में उठाने का निर्णय ले सकता है। इसे किसी आपात स्थिति के रूप में नहीं, बल्कि यात्रियों की सुरक्षा सुनिश्चित करने की प्रक्रिया माना जाता है। हाल के दिनों में सामने आई अन्य विमान घटनाओं को लेकर सोशल मीडिया पर कई तरह की अपुष्ट बातें भी फैल रही हैं। विशेषज्ञों का कहना है कि ऐसी स्थितियों में केवल आधिकारिक बयानों और प्रमाणित सूचनाओं पर ही भरोसा किया जाना चाहिए।












Click it and Unblock the Notifications