Queen of Sky ने भरी आखिरी उड़ान, आखिर क्यों बंद हुआ एयर इंडिया का जंबो जेट बोइंग 747 विमान?
एयर इंडिया के जंबो जेट बोइंग 747 विमान ने मुंबई के अंतरराष्ट्रीय हवाई अड्डे से सोमवार को अपनी आखिरी उड़ान भरी। इसके साथ ही एक युग का अंत हो गया। जंबो जेट बोइंग 747 विमान को 'आसमान की रानी' (Queen of Sky) के नाम से भी जाना जाता है। एयर इंडिया अपने 4 आखिरी बचे बोइंग 747 विमानों को अलविदा कह रही है।
सोमवार सुबह 10.47 बजे, एयर इंडिया के इस विशाल बोइंग 747 ने उड़ान भरी। इस दौरान विमान पहले बाईं ओर झुका और फिर दाईं झुकने के बाद फिर से आसमान में उड़ गया। विमान की इस कलाबाजी को 'विंग वेव' कहा जाता है। यह एक अत्यधिक कुशल पैंतरेबाज़ी है जिसे पायलट की अंतिम उड़ान या विमान के रिटायर होने को चिह्नित करने के लिए किया जाता है।

इस विमान में कभी राष्ट्रपति से लेकर प्रधानमंत्री तक सफर किया करते थे। जंबो जेट वही लग्जरी विमान है, जिससे प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के जन्मदिन पर अफ्रीकी देश नामीबिया से 8 चीते भारत लाए गए थे। इसकी अहमियत का अंदाजा इस बात से लगाया जा सकता है कि अमेरिका के राष्ट्रपति का ये पसंदीदा विमान माना जाता है।
बोइंग 747 विमान ने पहली बार 1969 में उड़ान भरी थी। तब से यह विमान, व्यवसायिक विमान के रूप में, नासा के स्पेस शटल के लिए, अमेरिकी राष्ट्रपति के एयरफोर्स वन विमान के रूप में कार्य करता रहा है। इस विमान ने वायु यात्रा में एक क्रांति लाने का काम किया था जिससे अंतरराष्ट्रीय शहर एक दूसरे से जुड़े जो कभी सीधे तौर पर नहीं जुड़े पाए थे।
अमेरिकी कंपनी बोइंग ने 53 साल के बाद पिछले साल जंबो जेट बोइंग 747 विमान का प्रोडक्शन बंद कर दिया था। तभी से इसका बंद होना तय माना जा रहा था। विशेषज्ञों का मानना है कि अब चार इंजन वाले विमान की किसी भी तरह की जरूरत नहीं रह गई है।
एयर इंडिया ने आगरा के पंख लहराने का एक वीडियो पोस्ट किया है, साथ ही संदेश दिया है: "आज, हम अपने आखिरी 'आसमान की रानी', B747 को मुंबई से रवाना होने वाले विमान को अलविदा कहते हैं। शानदार उड़ानों के युग के लिए आपका धन्यवाद। हम आपकी शानदार उपस्थिति को याद करेंगे।"
एनबीटी की रिपोर्ट इंडस्ट्री सूत्रों के मुताबिक, एक और विमान जल्द ही उड़ान भरने की उम्मीद है, जबकि अन्य दो विमान उड़ान भरने लायक स्थिति में नहीं हैं और उनके पुर्जे अलग किए जाएंगे। एयर इंडिया ने जेट विमानों के निपटान के लिए यूके स्थित रीमार्केटिंग फर्म स्काईटेक एआईसी को नियुक्त किया था, जिनका 2022 में पंजीकरण रद्द कर दिया गया था। एविएशन पोर्टल एयरोटाइम के मुताबिक, चारों विमानों को साल 1993 और 1996 के बीच खरीदा गया था।












Click it and Unblock the Notifications