'हैदराबाद का नाम बदलने के दावे, नफरत की राजनीति का प्रतीक', ओवैसी ने साधा BJP पर निशाना
तेलंगाना विधानसभा चुनाव को लेकर सभी राजनीतिक दल अपनी-अपनी बिसात बिछा रहे हैं। इसी कडी में भारतीय जनता पार्टी (बीजेपी) ने ऐलान किया कि सत्ता में आते ही हैदराबाद का नाम बदलकर भाग्यनगर वापस से कर दिया जाएगा। इसको लेकर ऑल इंडिया मजलिस-ए-इत्तेहादुल मुस्लिमीन (एआईएमआईएम) प्रमुख असदुद्दीन ओवैसी ने सोमवार को बीजेपी पर निशाना साधा है।
ओवैसी ने कहा कि पहले, उनसे पूछें कि यह भाग्यनगर कहां से आया? उनसे पूछें कि यह कहां लिखा गया है? आप हैदराबाद से नफरत करते हैं, इसलिए नाम बदलना उस नफरत का प्रतीक है। हैदराबाद हमारी पहचान है। आप इसका नाम कैसे बदलेंगे? वे सिर्फ हैं नफरत की राजनीति कर रहे हैं। ओवैसी ने आगे कहा कि हैदराबाद का नाम बदलने का वादा 'बीजेपी की विभाजनकारी राजनीति' का प्रतीक है। मुझे उम्मीद है कि हैदराबाद और तेलंगाना के लोग उन्हें करारा जवाब देंगे।

यूपी के सीएम योगी ने किया था ऐलान
दरअसल, यूपी के मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने तेलंगाना में अपनी चुनावी रैलियों के दौरान कहा था कि हैदराबाद को भाग्यनगर बनाया जाना चाहिए। आदित्यनाथ ने कहा था कि कांग्रेस ने इस शहर को हैदराबाद बनाया। लेकिन, हम इसे भाग्यनगर बनाने और शहर का भाग्य बदलने के लिए यहां आए हैं। श्री भाग्य लक्ष्मी मंदिर यहां है और यह शहर फिर से भाग्यनगर बन जाएगा।
'हैदर की जरूरत किसे है'
केंद्रीय मंत्री और तेलंगाना बीजेपी अध्यक्ष जीकिशन रेड्डी ने योगी आदित्यनाथ के बयान का समर्थन किया और कहा कि अगर उनकी पार्टी राज्य में सत्ता में आती है, तो हैदराबाद का नाम बदलकर 'भाग्यनगर' कर दिया जाएगा। रेड्डी ने कहा कि मद्रास, बॉम्बे और कलकत्ता जैसे शहरों के नाम बदल दिए गए हैं।
हां...निश्चित रूप से, अगर बीजेपी सरकार सत्ता में आती है, तो हम हैदराबाद का नाम बदल देंगे। मैं पूछ रहा हूं कि हैदर कौन है? क्या हमें हैदर के नाम की जरूरत है? हैदर कहां से आया है? मैं पूछ रहा हूं कि हैदर की जरूरत किसे है? यदि बीजेपी सत्ता में आती है, तो निश्चित रूप से, हम हैदर को हटा देंगे और नाम बदलकर भाग्यनगर कर देंगे।
पीएम ने हैदराबाद को भाग्यनगर कहा था
गौरतलब है कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने पिछले साल शहर में अपने भाषण में हैदराबाद को भाग्यनगर कहा था। उन्होंने कहा कि भारत को एकजुट करने का अभियान भाग्यनगर में सरदार पटेल ने शुरू किया था। तेलंगाना में 30 नवंबर को मतदान होगा और नतीजे 3 दिसंबर को घोषित किए जाएंगे।












Click it and Unblock the Notifications