अगस्ता वेस्टलैंड सौदे में बिचौलिये क्रिश्चियन मिशेल के वकील क्यों पहुंचे कांग्रेस दफ्तर
नई दिल्ली। 3600 करोड़ रुपए के अगस्ता-वेस्टलैंड वीवीआईपी हेलिकॉप्टर घोटाले में दलाली के आरोपी ब्रिटिश नागरिक क्रिश्चियन मिशेल के वकील अलजो के जोसेफ ने कहा है कि उनकी प्रोफेशनल और राजनैतिक जिम्मेदारियां अलग हैं। मिशेल के वकील जोसेफ भारतीय युवा कांग्रेस के लीगल डिपार्टमेंट के नेशनल इनचार्ज हैं। मिशेल की पेशी के बाद जोसेफ कांग्रेस के दफ्तर पहुंचे। उनसे इसको लेकर सवाल किए गए, जिस पर उन्होंने अपने कांग्रेस से जुड़े होने की बात कही।

मिशेल के वकील अलजो के जोसेफ उनकी ओर से कोर्ट में पेश हुए। कांग्रेस नेता जोसेफ ने मिशेल की तरफ से पेश होने पर कहा कि वो मेरे क्लाइंट हैं, उनके लिए अदालत में बहस करना और मेरा कांग्रेस से जुड़ा होना बिल्कुल अलग है। मेरे एक दोस्ते के जरिए इटली के वकील ने मुझसे संपर्क किया था इसलिए मैंने इस मामले में पेश होने का फैसला किया।
मिशेल को दिल्ली की पटियाला हाउस कोर्ट ने बुधवार को पांच दिन की सीबीआई कस्टडी में भेज दिया गया है। बुधवार को उसे दिल्ली के पटियाला कोर्ट मे पेश किया गया, अदालत ने उसकी पांच दिन की कस्टडी मंजूर की। सीबीआई की ओर से वकील डीपी सिंह ने अदालत से कुछ अहम मुद्दों पर पूछताछ के लिए पुलिस कस्टडी की मांग की। सीबीआई की ओर से कहा गया कि दुबई के कुछ खातों में पैसा ट्रांसफर हुआ है, जिसको लेकर जांच के लिए कस्टडी जरूरी है। मिशेल को मंगलवार रात को संयुक्त अरब अमीरात से भारत लाया गया है।
सीबीआई, रॉ और विदेश मंत्रालय के अफसर मंगलवार को उसे जेट विमान से दुबई से दिल्ली लाए। दिल्ली में पहुंचने के बाद सीबीआई ने उसे हिरासत में ले लिया। वीवीआईपी हेलिकॉप्टर सौदे में मिशेल पर 225 करोड़ रुपए की दलाली लेने का आरोप है। भारत को 36 सौ करोड़ के वीवीआईपी हेलिकॉप्टर सौदे को लेकर मिशेल की तलाश थी। यह सौदा यूपीए सरकार के समय हुआ था जिसके तहत 12 लग्जरी हेलिकॉप्टर खरीदे जाने थे जिनका इस्तेमाल राष्ट्रपति, प्रधानमंत्री दूसरे वीआईपी लोगों के लिए होना था।












Click it and Unblock the Notifications