कृषि राज्यमंत्री कैलाश चौधरी का बड़ा बयान, कहा- 'धरना देने वाले असली किसान नहीं'
नई दिल्ली। केंद्र सरकार द्वारा बनाए नए कृषि कानून के खिलाफ किसान पिछले 11 दिनों से सड़क पर उतरकर आंदोलन कर रहे है। तो वहीं, किसान नेताओं और केंद्र सरकार के बीच हुई कई दौर की बातचीत बेनतीजा रहने के बाद सरकार थोड़ी नरम पड़ती दिखाई दे रही है। इस बीच केंद्रीय कृषि राज्यमंत्री कैलाश चौधरी का बड़ा बयान सामने आया है। उन्होंने विपक्ष पर किसानों को भड़काने का आरोप लगाते हुए कहा, 'एमएसपी आगे जारी रहेगी, एमएसपी के बारे में लिख कर भी दे सकते हैं।'

न्यूज एजेंसी एएनआई से बातचीत करते हुए केंद्रीय कृषि राज्यमंत्री कैलाश चौधरी ने कहा 'मुझे लगता है कि कांग्रेस सरकार और विपक्ष किसानों को भड़काने की कोशिश कर रही है। देश के किसान इन कानूनों के पक्ष में हैं, लेकिन कुछ राजनीतिक लोग आग में घी डालने की कोशिश कर रहे हैं।' केंद्र द्वारा लागू किए गए नए कृषि कानून का पक्ष लेते हुए उन्होंने कहा, 'मुझे पीएम मोदी के नेतृत्व और किसानों पर पूरा विश्वास है। मुझे यकीन है कि किसान कभी भी ऐसा निर्णय नहीं लेंगे जिससे देश में कहीं भी अशांति पैदा हो। इन कानूनों ने उन्हें स्वतंत्रता प्रदान की है। मुझे नहीं लगता कि असली किसान इसके बारे में परेशान हैं, वह अपने खेतों में काम कर रहे हैं।'
उन्होंने आगे कहा, मुझे लगता है कि किसानों को यह सोचना चाहिए कि किस तरह से इसका राजनीतिकरण किया जा रहा है और उन लोगों को फुसलाया जा रहा है। कुछ लोग इसका राजनीतिक लाभ लेने की कोशिश कर रहे हैं। कहा कि पीएम मोदी जी के नेतृत्व में जिस तरह से किसानों के हित में काम हुए उस तरह पहले कभी नहीं हुआ। कैलाश चौधरी ने कहा कि कल जो बैठक हुई उसमें किसानों के सुझाव पर विचार-विमर्श किया गया। किसानों को अगर लगता है कि इसमें कुछ संशोधन की जरूरत है तो सरकार ने भी कहा है अगर आवश्यकता हुई तो हम संशोधन करेंगे।
शनिवार को 5वें दौर की बैठक में किसान संगठनों ने साफ कर दिया था कि वे पीछे नहीं हटेंगे। बता दें कि किसान संगठनों ने 8 दिसंबर (मंगलवार) को 'भारत बंद' बुलाया है। किसान आंदोलन को विभिन्न राजनीतिक दलों का समर्थन भी मिल रहा है जिससे मोदी सरकार के लिए चुनौती बड़ी हो गई है।












Click it and Unblock the Notifications