'विरासत टैक्स' के बाद अब सैम पित्रोदा ने छेड़ा नया विवाद,चीनी-अफ्रीकन लोगों से की भारतीयों की तुलना
Sam Pitroda New Controversy: देश में जारी लोकसभा चुनाव 2024 (Lok Sabha Election 2024) के बीच कांग्रेस पार्टी की मुश्किल उन्हीं के नेता बढ़ा रहे हैं। इससे पहले कि कांग्रेस पार्टी 'विरासत टैक्स' (Inheritance Tax) विवाद की आग को बुझा पाती, अब इंडियन ओवरसीज कांग्रेस के अध्यक्ष सैम पित्रोदा ने भारत की विविधता पर बोलकर एक बार फिर नया विवाद खड़ा कर दिया।
सैम पित्रोदा ने विरासत टैक्स के बाद अब एक और विवादित बयान दिया है। दरअसल, सैम पित्रोदा का एक वीडियो सामने आया है, जिसमें वह भारत के हिस्सों में रहने वाले भारतीयों की रंगभेदी तुलना करते दिखाई दिए।

उन्होंने एक इंटरव्यू में कहा कि यहां पूर्वी भारत के लोग चीनी जैसे, पश्चिम भारत में रहने वाले अरब जैसे और दक्षिण में रहने वाले अफ्रीकन जैसे दिखते हैं।
दरअसल, इस बारे में बात करते हुए कि भारत दुनिया में लोकतंत्र का एक चमकदार उदाहरण है। पित्रोदा ने कहा कि देश के लोग "75 सालों से बहुत खुशहाल माहौल में रह रहे हैं, जहां लोग यहां-वहां के कुछ झगड़ों को छोड़कर एक साथ रह सकते हैं।"
जानिए क्या बोले सैम पित्रोदा
पित्रोदा ने 'द स्टेट्समैन' को दिए एक इंटरव्यू में भारत में लोकतंत्र पर विचार करते हुए कहा, "हम 75 वर्षों से बहुत खुशहाल माहौल में रह रहे हैं, जहां लोग यहां-वहां के कुछ झगड़ों को छोड़कर एक साथ रह सकते हैं। जहां पूर्व के लोग चीनी जैसे दिखते हैं, पश्चिम के लोग अरब जैसे दिखते हैं, उत्तर भारत में रहने वाले श्वेतों की तरह और दक्षिण में रहने वाले अफ्रीकी लोगों की तरह दिखते हैं, लेकिन इससे फर्क नहीं पड़ता। हम सभी भाई-बहनें हैं। हम सभी भाषाओं का सम्मान करते हैं।
उन्होंने आगे कहा कि भारत के लोग विभिन्न भाषाओं, धर्म, भोजन और रीति-रिवाजों का सम्मान करते हैं, जो अलग-अलग क्षेत्रों में अलग-अलग होते हैं। उन्होंने ये भी कहा, "यह वह भारत है, जिसमें मैं विश्वास करता हूं, जहां हर किसी के लिए जगह है और हर कोई थोड़ा-बहुत समझौता करता है।"
असम सीएम सरमा का पलटवार
वहीं सैम पित्रोदा के बयान पर असम के मुख्यमंत्री हिमंत बिस्वा सरमा ने ट्वीट करते हुए कहा कि " सैम भाई, मैं नॉर्थ ईस्ट से आता हूं और मैं भारतीय दिखता हूं। हम एक विविधतापूर्ण देश हैं - हम अलग दिख सकते हैं, लेकिन हम सब एक हैं। हमारे देश के बारे में थोड़ा तो समझ लो!"












Click it and Unblock the Notifications