केजरीवाल के बाद अब आतिशी के घर पहुंची क्राइम ब्रांच, पूछा- AAP विधायकों की खरीदारी का आप भी दें सबूत
Atishi: आम आदमी पार्टी (AAP) के 'विधायकों की खरीद-फरोख्त' के दावों के संबंधी जांच को लेकर अब दिल्ली पुलिस की क्राइम ब्रांच की टीम दिल्ली के मंत्री और आप नेता आतिशी के आवास पर पहुंची है।
क्राइम ब्रांच के अधिकारी आतिशी को भाजपा के खिलाफ "आप विधायकों को खरीदने की कोशिश करने" के आरोप के संबंध में नोटिस देने के लिए गए हैं। हालांकि आतिशी घर पर मौजूद नहीं मिली हैं।

क्राइम ब्रांच ने नोटिस देकर आतिशी से भी AAP विधायकों की खरीदारी के दावों को लेकर सबूत मांगे हैं। बता दें कि इससे पहले भी दिल्ली क्राइम ब्रांच की एक टीम आतिशी के घर भी पहुंची थी लेकिन उस वक्त बताया गया था कि वह चंडीगढ़ में हैं।
रिपोर्ट्स के मुताबिक, जब टीम आतिशी के आवास पर पहुंची तो वह घर पर नहीं थीं। हालांकि क्राइम ब्रांच की टीम आतिशी के आने का इंतजार कर रही थी। आतिशी के नहीं पहुंचने की स्थिति में उनके विशेष कर्तव्य अधिकारी (ओएसडी) को नोटिस भेजे जाने की संभावना है।
बाद में पता चला कि आतिशी, आप नेता और राज्यसभा सदस्य राघव चड्ढा और प्रवक्ता प्रियंका कक्कड़ के साथ मुख्यमंत्री केजरीवाल के आवास पर थीं।
इससे पहले क्राइम ब्रांच ने मुख्यमंत्री अरविंद केजरीवाल को नोटिस दिया था, जिसमें उनसे आप के दावों के संबंध में जांच में तीन दिनों के भीतर जवाब देने को कहा गया है। क्राइम ब्रांच ने सीएम केजरीवाल से उन आप विधायकों के नाम बताने को कहा है जिनसे बीजेपी ने संपर्क करने का दावा किया है।
शुक्रवार को सिविल लाइंस स्थित केजरीवाल के आवास पर उस वक्त ड्रामा सामने आया जब क्राइम ब्रांच की टीम उन्हें जांच के सिलसिले में नोटिस देने पहुंची थी।












Click it and Unblock the Notifications