'एक-दो रातों को छोड़कर 10 साल में कभी नहीं रहा श्वेता के साथ', लव लाइफ पर आदित्य नारायण का खुलासा
Bollywood Hindi News: साल 2020 बॉलीवुड के लिए काफी खास रहा, जहां आदित्य नारायण, नेहा कक्कड़ समेत कई सितारे शादी के बंधन में बंधे। इसमें सबसे दिलचस्प लव स्टोरी आदित्य नारायण की है, जिन्होंने एक दशक तक अपनी गर्लफ्रेंड श्वेता को डेट किया। हाल ही में आदित्य कश्मीर से हनीमून मनाकर मुंबई लौटे हैं। साथ ही श्वेता से जुड़े अपने अनुभव को साझा किया। उम्मीद जताई जा रही है कि दोनों जल्द अपने नए घर में शिफ्ट हो जाएंगे।

'श्वेता का साथ खूबसूरत अनुभव'
टाइम्स ऑफ इंडिया को दिए इंटरव्यू में आदित्य ने कहा कि हमने एक दशक तक डेट किया। अगर एक-दो रातों को छोड़ दें, तो हम कभी एक-दूसरे के साथ नहीं रहे। अब शादी के बाद जब दोनों साथ हैं, तो वो एक खूबसूरत अनुभव है। उन्होंने आगे कहा कि हम कई मायनों में अलग तो हैं फिर भी हमारी कई चीजें समान हैं। मुझे सबसे अच्छा ये लगता है कि हम एक साथ एक घर में रह सकते हैं और वक्त निकालकर अलग-अलग चीजें कर सकते हैं।

बताई नए घर की कीमत
उन्होंने शादीशुदा जिंदगी पर कहा कि अब कई बातें नई हो गई हैं। जैसे की जब भी मैं काम से बाहर जाता हूं, तो हमेशा घर पहुंचने की जल्दी रहती है। उन्होंने एक घर की भी तलाश कर ली है, जिसमें वो जल्द ही शिफ्ट हो सकते हैं। हाल ही में Spotboy को दिए एक इंटरव्यू में आदित्य ने कहा था कि मेरे नए घर की मीडिया ने जमकर जांच की और उसे 4 करोड़ का बता दिया, लेकिन वो वास्तव में 10.5 करोड़ का पड़ गया। वो जब छोटे थे तब से उस घर के लिए प्लानिंग कर रहे थे।

कश्मीर में स्कीइंग आई पसंद
वहीं हनीमून के लिए कश्मीर आदित्य को काफी पसंद आया। उन्होंने बताया कि वो और श्वेता स्कीइंग की बेसिक ट्रेनिंग ले चुके हैं। इस साल उनकी कोशिश रहेगी कि वो वहां जाकर एक एडवांस कोर्स करें। वहीं 1 जनवरी को दोनों की शादी को एक महीने पूरे हुए। इस पर वो श्वेता को डिनर डेट पर लेकर गए। इसके साथ ही सोशल मीडिया पर लिखा- "हैप्पी मंथ एनिवर्सरी मेरी प्यारी वाइफ। मजाक-मजाक में एक महीना भी बीत गया। ऐसे ही आपके साथ खूबसूरती से सारी जिंदगी भी बीत जाएगी"।












Click it and Unblock the Notifications