Abhishek Banerjee ऑपरेशन सिंदूर वाले डेलिगेशन में होंगे शामिल, ममता बनर्जी ने भतीजे के नाम पर लगाई मुहर
Abhishek Banerjee News: ऑपरेशन सिंदूर के बारे में बताने और पाकिस्तान के दुष्प्रचार की पोल खोलने के लिए भारत सरकार एक सर्वदलीय डेलिगेशन को विदेश भेज रही है। टीएमसी (TMC) की ओर से पहले यूसुफ पठान इस डेलिगेशन का हिस्सा होने वाले थे। हालांकि, उनके इनकार के बाद अब अभिषेक बनर्जी को चुना गया है। टीएमसी प्रमुख और बंगाल की सीएम ममता बनर्जी ने भतीजे के नाम पर मुहर लगाई है। सूत्रों के मुताबिक, संसदीय कार्य मंत्री किरेन रिजिजू ने टीएमसी प्रमुख से फोन पर बात की थी। रिजिजू से फोन पर बातचीत के बाद ममता बनर्जी ने अपने भतीजे के नाम पर मुहर लगाई है। बताया जा रहा है कि संसदीय कार्य मंत्री ने बंगाल की सीएम से निजी तौर पर आग्रह करते हुए कहा था कि उन्हें पार्टी से सलाह लेकर अपना प्रतिनिधि भेजना चाहिए।
Abhishek Banerjee के नाम का ऐलान सोशल मीडिया पर
टीएमसी के आधिकारिक एक्स हैंडल से एक पोस्ट शेयर कर अभिषेक बनर्जी के नाम का ऐलान किया गया है। पोस्ट में लिखा गया, 'हमारी अध्यक्ष ममता बनर्जी ने आतंकवाद के खिलाफ भारत के संघर्ष को वैश्विक मंचों तक पहुंचाने के लिए सर्वदलीय डेलिगेशन में तृणमूल कांग्रेस के प्रतिनिधि के तौर पर अभिषेक बनर्जी को नामांकित किया है।' इस पोस्ट में आगे यह भी लिखा गया है कि अभिषेक बनर्जी आतंकवाद के खिलाफ बंगाल के दृढ़ रुख को पेश करेंगे और भारत की आतंकवाद के खिलाफ लड़ाई को वैश्विक मंच पर मजबूती से रखेंगे। टीएमसी के फैसले को राजनीतिक समीकरणों के आधार पर भी देखा जा रहा है।

यह भी पढ़ें: Sansad Ratna Awards: सुप्रिया सुले, रवि किशन समेत 17 सांसदों को मिलेगा अवार्ड, आपके राज्य से कौन? देखें सूची
आतंक और राष्ट्रीय सुरक्षा के मुद्दे पर विपक्ष के निशाने पर रही हैं ममता
पश्चिम बंगाल की मुख्यमंत्री ममता बनर्जी पर बीजेपी बंगाल में बांग्लादेशी घुसपैठियों को शरण देने से लेकर मुस्लिम तुष्टिकरण जैसे आरोप लगाती रही है। बंगाल की अपनी रैलियों में बीजेपी के लगभग सभी बड़े नेता राष्ट्रीय सुरक्षा के लिए टीएमसी की नीतियों को खतरा बताते रहे हैं। ऐसे में आने वाले चुनावों को देखते हुए टीएमसी सुप्रीमो बीजेपी को हमला करने के लिए एक और मौका मुहैया नहीं कराना चाहती थीं। टीएमसी के सर्वदलीय डेलिगेशन में शामिल होने के पीछे इसे भी एक ठोस वजह माना जा रहा है।
यह भी पढ़ें: Operation Sindoor: अमेरिका के लिए देरी से रवाना होगा भारत का कूटनीतिक दल, शशि थरूर ने बताई इसके पीछे की वजह












Click it and Unblock the Notifications