आप से अमानतुल्ला सस्पेंड, कुमार विश्वास राजस्थान प्रभारी नियुक्त
आम आदमी पार्टी के विधायक अमानतुल्ला को पार्टी से सस्पेंड किया गया, कुमार विश्वास को बनाया गया राजस्थान का प्रभारी
नई दिल्ली। आम आदमी पार्टी के भीतर चल रहे विवाद के बीच पार्टी ने बड़ा फैसला लिया है। कुमार विश्वास के खिलाफ बयान देने वाले पार्टी के विधायक अमानतुल्ला को पार्टी से सस्पेंड कर दिया गया है। पार्टी ने अमानतुल्ला खान के खिलाफ एक जांच कमेटी भी बैठा दी है। इस कमेटी में आशुतोष और अतिशी मारलीना होंगी जो अमानतुल्ला के पक्ष को सुनेंगे। मनी, सिसोदिया ने इस बात की जानकारी देते हुए कहा कि इस कमेटी के जरिए अमानतुल्ला अपनी बात को रख सकते हैं।

कुमार विश्वास को लेकर पार्टी के भीतर जो विवाद चल रहा था उसके बाद मनौव्वल का दौर शुरु हुआ और आखिरकार बीच का रास्ता निकाला गया, जिसकी जानकारी कुमार विश्वास और मनीष सिसोदिया ने मीडिया के सामने दी। कुमार विश्वास ने कहा कि पिछले चार पांच दिनों में पार्टी के भीतर सोच विचार शुरु हुआ था, सभी विधायकों, मंत्रियों और कार्यकर्ताओं का मैं धन्यवाद देता हूं, उन्हें आश्वस्त करता हूं कि जब भी विचार विमर्श की जरूरत होगी हम एक दूसरे के साथ बैठेंगे।
मनीष सिसोदिया ने बताया कि कुमार विश्वास को लेकर जो अमानतुल्ला ने बयान दिया है उसपर पीएसी ने पहले ही नाराजगी जताई गई थी और उन्हें पीएसी से निकाल दिया गया था, उनके इस्तीफे को भी स्वीकार कर लिया गया है। हमने उन्हें पार्टी की सदस्यता से सस्पेंड कर दिया है और उनके खिलाफ एक कमेटी बनाई है जिसमें आशुतोष और अतिशी मारलीना होंगी। इसके साथ ही कुमार विश्वास को राजस्थान का प्रभारी बनाया गया है। सिसोदिया ने बताया कि कुमार विश्वास के नेतृत्व में पार्टी राजस्थान में होने वाला चुनाव लड़ेगी, विश्वास पार्टी को राजस्थान में मजबूती देंगे।












Click it and Unblock the Notifications