आप नेता ने पार्टी पर लगाया देश की सुरक्षा से समझौते का आरोप, पार्टी से दिया इस्तीफा
नई दिल्ली। फर्जी कंपनी द्वारा आम आदमी पार्टी को 2 करोड़ रुपए के चंदे का मामला अभी ठंडा भी नहीं हुआ था कि आम आदमी पार्टी को एक और बड़ा झटका लगा है। आम आदमी पार्टी के लोकसभा प्रत्याशी मेजर सुरेंद्र पुनिया ने पार्टी पर सनसनीखेज आरोप लगाते हुए पार्टी से इस्तीफा दे दिया है

आम आदमी ने देश की सुरक्षा से समझौता किया
पुनिया ने आम आदमी पार्टी के विधानसभा उम्मीदवार अमानतुल्लाह खान पर सनसनीखेज आरोप लगाये हैं। उन्होंने अपने पत्र में लिखा है कि अमानतुल्लाह पर दिल्ली और अहमदाबाद ब्लास्ट में शामिल होने का आरोप है। यही नहीं इंडियन मुजाहिदीन के अहम सदस्य जियाउर रहमान के साथ उनके संबंध हैं। पुनिया ने अपने पत्र में लिखा है कि उन्होंने देश की सीमा पर आतंकवादियों से लोहा लिया है।

ऐसे में पार्टी ऐसे उम्मीदवारों को खड़ा कर रही है वो बिल्कुल भी सही नहीं ठहराया जा सकता है। साथ ही उन्होंने अरविंद केजरीवाल पर प्रश्न उठाया है कि मैं ये मानने को तैयार नहीं हूं कि केजरीवाल को इस बारे में जानकारी नहीं है।
पार्टी में चंदे को लेकर ईमानदारी नहीं है
यही नहीं पुनिया ने पार्टी पर चंदे को लेकर उठ रहे सवालों पर भी अरविंद केजरीवाल और आम आदमी पार्टी को कटघरे में खड़ा किया है। उन्होंने अपने पत्र में लिखा है कि पार्टी बोगस कंपनियों से 50-50 लाख का चंदा कैसे स्वीकार कर सकती है। उन्होंने केजरीवाल पर आरोप लगाया है कि पूर्व इंकम टैक्स कमिश्नर होने के बावजूद केजरीवाल कैसे फर्जी कंपनी के बारे में नहीं जान पाये। उन्होंने आखिर में लिखा है कि
आज आम आदमी पार्टी की हकीकत देश के सामने आ गयी है। वो ऐसी पार्टी के साथ नहीं जुड़े रह सकते जो देश की सुरक्षा के साथ समझौता करती है। साथ ही ईमानदार राजनीति के नाम पर खड़ी पार्टी जब खुद ही कटघरे में खड़ी है तो ऐसे में इस पार्टी के साथ जुड़े रहना कतई मुझे कबूल नहीं है।












Click it and Unblock the Notifications