आमिर की 'परछाई' कहे जाने वाले आमोस के निधन से बॉलीवुड में शोक, 25 साल से था गहरा नाता
मुंबई। बॉलीवुड सुपरस्टार आमिर खान के लंबे समय से असिस्टेंट और स्पॉटब्वॉय रह चुके अमोस का निधन हो गया है। उन्हें दिल का दौरा पड़ा था। कुछ दिनों पहले उनकी तबीयत बिगड़ने के बाद उन्हें मुंबई के होली फैमिली अस्पताल में भर्ती किया गया था। अमोस के निधन की जानकारी आमिर खान के साथ फिल्म लगान में काम कर चुके करीम हाजी ने दी है। उन्होंने बताया कि अमोस सुबह अचानक गिर गए थे जिसे बाद आमिर उनकी पत्नी किरण राव और उनकी टीम द्वारा अस्पताल ले जाया गया।

आमोस को आमिर की परछाई कहा जाता था
आपको बता दें कि आमोस को आमिर खान की परछाई कहा जाता था। वो 25 साल से भी ज्यादा समय से आमिर खान से जुड़े थे। आमिर के लिए किसी घर के सदस्य जैसे थे। करीम हाजी ने बताया कि 60 वर्षीय आमोस ने मंगलवार सुबह 11:30 बजे आखिरी सांस ली।

आमिर को मिस्टर परफेक्शनिस्ट बनाने में आमोस का भी था हाथ
बॉलीवुड लाइफ की रिपोर्ट के मुताबिक एक्टर करीम हाजी ने न्यूजपेपर को दिए इंटरव्यू में कहा, "आमिर इस खबर से बिल्कुल हैरान थे और उन्हें यकीन नहीं हो रहा था।" करीम ने आमिर खान को लेकर आगे कहा, "फिलहाल वह ठीक हैं. आमिर ने कहा कि उनके लिए और उनके परिवार के लिए यह अपूरणीय क्षति है। आमिर इस समय काफी दुखी हैं क्योंकि अमोस उनके बहुत करीब थे, वह आमिर के परिवार को बिल्कुल अपने परिवार की तरह समझते थे। आमिर को सब मिस्टर परफेक्शनिस्ट के रूप में जानते हैं, इसके पीछे अमोस की कड़ी मेहनत और समर्पण था।"
रानी मुखर्जी के लिए भी काम कर चुके थे आमोस
बता दें, अमोस ने रानी मुखर्जी के साथ भी 4 सालों तक काम किया था। वह हाल ही में दादा बने थे। अमोस के अचानक हुए निधन से आमिर और उनके परिवार को गहरा सदमा लगा है। फिल्ममेकर जयदीप सेन ने अमोस को श्रद्धांजलि देते हुए एक ट्वीट किया है, इसमें उन्होंने कहा है, "रेस्ट इन पीस अमोस, 'जुदाई' की आपके साथ हमेशा सुखद यादें रहेंगी।"












Click it and Unblock the Notifications