Aaj ka Mausam: उत्तर भारत में ठंड ने दी दस्तक, इन राज्यों में आंधी-बारिश का कहर, पढ़ें 8 नवंबर का मौसम अलर्ट
Aaj ka Mausam (Weather Forecast Today): देश में मौसम का मिजाज अब पूरी तरह बदल चुका है। एक तरफ उत्तर भारत के मैदानी इलाकों में सर्द हवाएं ठंड बढ़ा रही हैं, वहीं दक्षिण भारत में बारिश का दौर थमने का नाम नहीं ले रहा। बंगाल की खाड़ी और अरब सागर में सक्रिय चक्रवाती परिसंचरण (Cyclonic Circulation) से देशभर के मौसम पर बड़ा असर देखने को मिल रहा है।
आज यानी 8 नवंबर का दिन मौसम के लिहाज से पूरे भारत के बदलाव दिखेगा। पूर्व-मध्य और उससे सटे उत्तर-पूर्व बंगाल की खाड़ी के ऊपर समुद्र तल से लगभग 1.5 से 3.1 किलोमीटर की ऊंचाई तक एक चक्रवाती परिसंचरण बना हुआ है। इसके अलावा बांग्लादेश और उससे सटे त्रिपुरा-असम के ऊपर भी समुद्र तल से करीब 1.5 किलोमीटर की ऊंचाई तक एक और चक्रवाती परिसंचरण सक्रिय है। ऐसे में आइए जानें आज देशभर में कैसा रहेगा मौसम?

दिल्ली में कैसा रहेगा मौसम? (Delhi Weather)
दिल्ली-एनसीआर में अब ठंड ने पूरी तरह से एंट्री कर ली है। मौसम विभाग (IMD) के मुताबिक, 8 नवंबर को राजधानी में न्यूनतम तापमान 13 से 14 डिग्री सेल्सियस तक लुढ़क सकता है। सुबह और शाम 20 किमी प्रति घंटे की रफ्तार से चलने वाली हवाएं ठंडक को और बढ़ा देंगी। राजधानी में एयर क्वालिटी इंडेक्स (AQI) 311 दर्ज किया गया है, जो 'बेहद खराब' श्रेणी में है। बवाना और जहांगीरपुरी जैसे इलाकों में एक्यूआई 350 से ऊपर चला गया है। दिनभर हल्की धुंध छाई रहेगी और दृश्यता कम रहेगी।
उत्तर प्रदेश में कैसा रहेगा मौसम? (UP Weather)
उत्तर प्रदेश में भी तापमान तेजी से गिर रहा है। लखनऊ, कानपुर और इटावा में रात का तापमान 10 डिग्री सेल्सियस से नीचे चला गया है। मौसम विभाग के मुताबिक अगले एक हफ्ते तक यूपी में मौसम शुष्क रहेगा, हालांकि सुबह के समय हल्का कोहरा छा सकता है। पश्चिमी विक्षोभ के बाद पश्चिमी हिमालय में हुई बर्फबारी के कारण उत्तर-पश्चिमी हवाएं पूरे राज्य को ठंडा कर रही हैं।
बिहार, झारखंड और मध्य भारत में पारा गिरा, ठंड का असर बढ़ा
बिहार में अगले 24 घंटे तक मौसम शुष्क रहेगा, लेकिन तापमान में 1 से 2 डिग्री की गिरावट संभव है। सुबह और शाम की ठंड अब महसूस होने लगी है। अगले हफ्ते से गर्म कपड़े निकालने की जरूरत पड़ सकती है।
झारखंड की राजधानी रांची में भी सर्दी ने रफ्तार पकड़ ली है। यहां 8 नवंबर को अधिकतम तापमान 24 डिग्री और न्यूनतम तापमान 13 डिग्री सेल्सियस रहेगा।
मध्य प्रदेश में भोपाल का तापमान 25 डिग्री अधिकतम और 12 डिग्री न्यूनतम रहेगा। राज्य के ग्रामीण इलाकों में कोहरे की चादर छाने लगी है। वहीं राजस्थान में सर्दी का मीटर तेजी से भाग रहा है। जयपुर में तापमान 26 डिग्री अधिकतम और 14 डिग्री न्यूनतम दर्ज किया जाएगा, जबकि सीकर और फतेहपुर में पारा 7 डिग्री तक गिर गया है।
पहाड़ों पर बर्फबारी और शीतलहर का प्रकोप
हिमाचल प्रदेश और उत्तराखंड में बर्फबारी से मौसम पूरी तरह बदल गया है। मनाली और लाहौल-स्पीति में जमकर बर्फबारी हो रही है। मनाली में तापमान -12 डिग्री सेल्सियस तक लुढ़क गया है, जबकि दिन का तापमान सिर्फ 6 डिग्री रह गया है।
उत्तराखंड में देहरादून का न्यूनतम तापमान 11 डिग्री और नैनीताल का 9 डिग्री सेल्सियस तक पहुंच गया है। बदरीनाथ, केदारनाथ और हेमकुंड साहिब में बर्फबारी के चलते तापमान माइनस में चला गया है। मौसम विभाग के मुताबिक, 12 नवंबर तक राज्य में शुष्क मौसम रहेगा लेकिन शीतलहर और ठंड में इजाफा होगा।
दक्षिण भारत में बारिश का कहर, चक्रवाती सिस्टम सक्रिय
दक्षिण भारत में उत्तर-पूर्व मानसून के कारण बारिश का सिलसिला जारी है। बंगाल की खाड़ी और अरब सागर में सक्रिय दो साइक्लोनिक सर्कुलेशन के चलते तमिलनाडु, केरल और कर्नाटक में भारी बारिश का अलर्ट जारी किया गया है। चेन्नई में आज बादल छाए रहेंगे और बीच-बीच में गरज-चमक के साथ बारिश हो सकती है। यहां का तापमान 26 से 33 डिग्री सेल्सियस के बीच रहेगा।
तिरुवनंतपुरम में भी एक-दो दौर की बारिश और आंधी-तूफान का अनुमान है। केरल में 10 नवंबर तक भारी बारिश की संभावना है। तमिलनाडु के कई जिलों-मदुरै, सलेम, डिंडीगुल और तिरुचिरापल्ली-में बिजली गिरने और तेज हवाओं के साथ बारिश का अलर्ट जारी किया गया है।
दक्षिण भारत के प्रमुख शहरों का हाल
- हैदराबाद: आसमान आंशिक रूप से बादलयुक्त रहेगा, तापमान 19°C से 31°C के बीच रहेगा।
- अमरावती: धुंध के साथ बादल रहेंगे, तापमान 24°C से 34°C तक।
- बेंगलुरु: आंशिक बादल और हल्की ठंडक, तापमान 20°C से 29°C के बीच।
- तिरुवनंतपुरम: हल्की बारिश के आसार, तापमान 24°C से 33°C तक।
- चेन्नई: गरज के साथ बारिश की संभावना, तापमान 26°C से 33°C के बीच रहेगा।
पूर्वोत्तर राज्यों में हल्की बारिश, ठंड बढ़ने के आसार
त्रिपुरा, मिजोरम और मणिपुर में अगले 24 घंटों में हल्की से मध्यम बारिश की संभावना है। बारिश के बाद न्यूनतम तापमान में गिरावट होगी और ठंड बढ़ेगी। मौसम विभाग ने वज्रपात के लिए सतर्क रहने की सलाह दी है।
किन शहरों में सबसे कम तापमान
देश में सबसे कम तापमान श्रीनगर, मनाली, फतेहपुर, करनाल, हिसार और कानपुर में दर्ज किया गया। श्रीनगर में पारा पहली बार शून्य से नीचे पहुंच गया है। उत्तर भारत के मैदानी इलाकों में अब सर्द हवाओं का असर तेज हो गया है, जबकि दक्षिण के राज्यों में बारिश के बीच ठंड धीरे-धीरे बढ़ रही है।












Click it and Unblock the Notifications