Aaj Ka Mausam:UP-बिहार समेत पूरे उत्तर भारत में आग उगल रहा सूरज, 9 राज्यों में Rain Alert, कब आएगा मानसून?
Aaj Ka Mausam: कश्मीर से लेकर कन्याकुमारी तक भीषण गर्मी का प्रकोप जारी है तो वहीं उम्मीद है कि मानसून 26 मई तक केरल में दस्तक दे देगा, जिससे लोगों को चिलचिलाती गर्मी से राहत मिलेगी, फिलहाल यूपी, राजस्थान, बिहार और मध्य प्रदेश समेत उत्तर भारत के कई राज्यों में पारा 45 डिग्री सेल्सियस के ऊपर बना हुआ है, जिससे जनजीवन बुरी तरह से प्रभावित है, लोगों का घरों से बाहर निकलना मुश्किल हो गया है।
भारतीय मौसम विभाग ने 24 मई को भी कई राज्यों में भीषण गर्मी पड़ने की आशंका को व्यक्त किया है तो वहीं कुछ राज्यों में उसने आंधी-पानी का अलर्ट जारी किया है। मौसम विभाग ने आज जिन 9 राज्यों में बारिश और आंधी की आशंका जताई गई है , उनके नाम हैं आंध्र प्रदेश, असम, तमिलनाडु, केरल, छत्तीसगढ़, झारखंड, जम्मू कश्मीर, हिमाचल प्रदेश और उत्तराखंड, जबकि ओडिशा और तेलंगाना में भीषण गर्मी का अलर्ट जारी किया गया है।

दिल्ली में पारा जा सकता है 45 डिग्री
राजधानी दिल्ली और एनसीआर क्षेत्र में 24 से 28 मई तक भीषण गर्मी बनी रहेगी, हालांकि इस अवधि में बादल छाए रहने और हल्की बूंदाबांदी के भी आसार हैं। तेज हवाएं आंधी का अहसास करा सकती हैं। इन पांच दिनों में अधिकतम तापमान 45 डिग्री सेल्सियस तक पहुंचने का अनुमान है, जिससे लू की स्थितियां बन सकती हैं।
उत्तर प्रदेश में बरसेंगे बादल मिलेगी गर्मी से राहत
उत्तर प्रदेश में 24 मई को पूर्वी हिस्सों में कुछ स्थानों पर लू से लेकर भीषण लू की स्थिति का अनुमान है। विभाग के अनुसार, राज्य के कुछ अलग-थलग क्षेत्रों में रातें भी गर्म रह सकती हैं। बांदा जिला रिकॉर्ड तोड़ गर्मी की चपेट में है, जहां अधिकतम तापमान 46.4 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया जा रहा है। मौसम विभाग से लोगों से अपील की है वो दिन में बिना जरूरत घर से बाहर निकलने से बचें और जब भी बाहर निकलें गाइडलाइंस का पालन करें।
बिहार में भारी बारिश की आशंका
बिहार में 24 से 28 मई के बीच आंधी और बारिश की संभावना है। 25 मई को राज्य में भारी बारिश हो सकती है, जबकि 28 मई तक गरज-चमक का पूर्वानुमान है। पटना में 25 मई को गरज-चमक के साथ बारिश का अनुमान है। IMD ने 24 और 25 मई के लिए दरभंगा, मधुबनी, गया, भागलपुर और पूर्णिया जिलों में भी आंधी-बारिश की चेतावनी दी है।
पूर्वोत्तर भारत में रेन अलर्ट
पूर्वोत्तर में मौसम का मिजाज काफी अलग है। अरुणाचल प्रदेश के ऊपरी सुबनसिरी, कमले, क्रा दादी, कुरुंग कुमे, निचला सुबनसिरी, सियांग बेल्ट और आसपास के जिलों में 24 मई को गरज-चमक के साथ भारी से बहुत भारी बारिश का अलर्ट है। ।
उत्तराखंड में भी खराब रहेगा मौसम
उत्तराखंड में 24 मई को देहरादून में गरज-चमक और हल्की बारिश की संभावना है। नैनीताल में तेज हवाएं और ओलावृष्टि की चेतावनी है, जबकि हरिद्वार और ऊधमसिंह नगर में धूल भरी हवाओं के साथ गर्मी बनी रहेगी। पिथौरागढ़ और चमोली जैसे पहाड़ी क्षेत्रों में भी बारिश हो सकती है।
हिमाचल प्रदेश में बारिश की संभावना
हिमाचल प्रदेश के कुल्लू जिले में रोहतांग दर्रे और आसपास के क्षेत्रों में बारिश और तेज हवाओं के बाद बर्फबारी दर्ज की गई है। चंबा, कांगड़ा, कुल्लू, मंडी और शिमला के लिए 'येलो अलर्ट' जारी हुआ है, जहाँ गरज-चमक के साथ 40-50 किलोमीटर प्रति घंटे की रफ्तार से हवाएं चल सकती हैं।
दक्षिण भारत में भी बारिश का दौर जारी रहेगा
तमिलनाडु के सलेम, धर्मपुरी, कृष्णागिरी और वेल्लोर जिलों में भारी बारिश की चेतावनी है। नीलगिरी, इरोड, तिरुपथुर समेत कई अन्य जिलों में 25-26 मई को गरज के साथ भारी बारिश और तेज हवाएं चलने की संभावना है। केरल के दक्षिणी हिस्सों में भारी बारिश के लिए 'ऑरेंज' अलर्ट और छह जिलों में 'येलो' अलर्ट जारी किया गया है। विभाग ने 28 मई से 3 जून के बीच केरल के कुछ हिस्सों में भारी से बहुत भारी बारिश होने की भी संभावना जताई है।














Click it and Unblock the Notifications