आदित्य ठाकरे का तंज- शिवसेना से जलती है बीजेपी, लेकिन बरनॉल लगाने की नहीं दूंगा सलाह
मुंबई। महाराष्ट्र विधानसभा चुनाव के बाद से ही शिवसेना और बीजेपी के बीच जुबानी जंग जारी है। दोनों दल एक-दूसरे पर हमले करने का कोई मौका नहीं छोड़ते हैं। वहीं, एक बार फिर शिवसेना ने बीजेपी पर निशाना साधा है। शिवसेना प्रमुख उद्धव ठाकरे के बेटे और विधायक आदित्य ठाकरे ने तंज कसते हुए कहा है कि बीजेपी हमसे जलती है क्योंकि वह अब सत्ता से बाहर है।
Recommended Video

सत्ता से बाहर होने के कारण बीजेपी दुखी- आदित्य
आदित्य ठाकरे ने कहा, 'सत्ता से बाहर होने के कारण बीजेपी दुखी है और मैं उनको कभी बरनॉल लगाने की सलाह नहीं दूंगा। हम उनकी तकलीफ समझते हैं लेकिन हम अपने काम पर ध्यान दे रहे हैं। इसकी वजह है कि लोगों ने हम पर भरोसा जताया है।' शिवसेना नेता ने कहा कि जनता से हमने जो वादे किए थे, उसे पूरा करना शुरू कर दिया है, जैसे कर्जमाफी, 10 रु में भोजन या फिर लोगों को घर मुहैया कराना, हम वादे निभा रहे हैं।

ट्रोलर्स पर ध्यान ना दें- आदित्य ठाकरे
आदित्य ने कहा कि महा अघाड़ी सरकार राज्य की जनता की भलाई के लिए काम करती रहेगी और ऐसे ट्रोलर्स पर ध्यान देने की जरूरत नहीं है, बीजेपी को अभी ये काम करने दो, उनको जरूरत है। शिवसेना नेता ने तंज किया कि जहां-जहां इंटरनेट बंद नहीं किया है, वहां-वहां से वे ट्वीट करते रहेंगे। आदित्य ने कहा कि ये ट्रोलर्स शिवसेना ही नहीं, और लोगों पर भी बोलते है, जैसे महिलाओं पर या पत्रकारों पर।

'ट्रोल पर गुस्सा आना स्वभाविक'
शिवसेना नेता ने कहा कि ट्रोल पर गुस्सा आना स्वभाविक है लेकिन मैं यही कहना चाहूंगा कि इनपर गुस्सा ना करें और अपने गुस्से पर काबू रखें। दरअसल, महाराष्ट्र में शिवसेना और बीजेपी ने मिलकर चुनाव लड़ा था लेकिन सीएम पद को लेकर शिवसेना और बीजेपी के बीच खींचतान बढ़ गई थी जिसके बाद दोनों के रास्ते अलग हो गए थे। शिवसेना ने इसके बाद एनसीपी-कांग्रेस के साथ मिलकर सरकार बनाने का फैसला किया और पार्टी के प्रमुख उद्धव ठाकरे ने मुख्यमंत्री पद की शपथ ली।












Click it and Unblock the Notifications