चेन्नई में एक दुकानदार ने सिर्फ 20 रुपए किलो बेचे टमाटर, वजह जानकर इमोशनल हो जाएंगे आप
जिस समय देश में टमाटर की आसमान छूती कीमतें बड़ी राजनीतिक बहस का हिस्सा बनी हुई है, तमिलनाडु में एक दुकानदार ने इसे सिर्फ 20 रुपए किलो बेचकर कितनों का दिल खुश कर दिया है।
देश में टमाटर महंगे होने का असर बाकी सब्जियों पर भी पड़ा है। कोई भी सब्जी ऐसी नहीं मिल रही है, जो आम लोगों की जेब की पहुंच में हो। ऐसे में अगर कोई दुकानदार लोगों को महज 20 रुपए किलो टमाटर दे रहा है और वह भी बढ़िया वाला तो चौंकना स्वाभाविक है।

60 रुपए खरीदकर 20 रुपए किलो बेचा टमाटर
तमिलनाडु के कुड्डालोर में एक शख्स ने शुक्रवार को अपनी दुकान की चौथी वर्षगांठ मनाने के लिए महज 20 रुपए किलो टमाटर बेचना शुरू कर दिया। टीओआई की एक रिपोर्ट के मुताबिक 38 साल के डी राजेश ने अपनी सब्जी और प्याज की दुकान के लिए 60 रुपए प्रति किलो के हिसाब से 550 किलो टमाटर खरीदा था। यह टमाटर बेंगलुरु में मंगवाए गए थे।
'जरूरतमंदों की मदद' घाटा लगाकर बेचा टमाटर
खरीदे गए टमाटर की 60 रुपए कीमत में उसका माल ढुलाई भाड़ा भी शामिल था। लेकिन, उसने 40 रुपए का घाटा लगाकर 'जरूरतमंदों की मदद' के लिए सिर्फ 20 रुपए किलो बेचने का फैसला किया। हालांकि, उन्होंने अपनी दुकान से टमाटर खरीदने वालों को कह दिया था कि वह स्टॉक करने के लिए टमाटर नहीं बेच रहे हैं।
ज्यादा से ज्यादा लोगों को फायदा पहुंचाने की कोशिश
राजेश ने कहा, 'प्रत्येक व्यक्ति के लिए एक किलो के ही हिसाब से सीमित कर दिया था, क्योंकि मैं चाहता था कि इस छूट का फायादा ज्यादा से ज्यादा लोग उठा सकें। पूरा स्टॉक कुछ ही मिनटों में बिक गया। मैंने 30 साल तक अपने चाचा की दुकान में काम करने के बाद यह दुकान खोली थी।'
शनिवार को सिर्फ 48 रुपए किलो बेचे टमाटर
उन्होंने शनिवार को भी अपनी दुकान से रियायती दाम पर टमाटर बेचना जारी रखा। उनके मुताबिक, 'शनिवार को मैंने कीमत 48 रुपए प्रति किलो कर दिया। फिर भी, मैंने शनिवार को 280 किलो से अधिक टमाटर बेच डाले।'
10 रुपए किलो बेच चुके हैं 100 रुपए किलो वाला प्याज
यह पहली बार नहीं है। पहले भी अपनी दुकान की वर्षगांठ पर वह महंगी सब्जियां बहुत ही मामूली कीमतों पर बेचते रहे हैं। उनके मुताबिक यह सिलसिला तब से चल रहा है, जबसे उन्होंने अपनी दुकान खोली है। उनके अनुसार, '2019 में जब मैंने दुकान खोली, प्याज 100 रुपए किलो बिक रहा था। लेकिन, ओपनिंग ऑफर के तौर पर मैंने सिर्फ 10 रुपए किलो बेचे।'
चेन्नई में इस समय देश के अन्य हिस्सों की तरह ही खुदरा बाजार में टमाटर 100 से 130 रुपए किलो बिक रहा है। पिछले महीने राज्य सरकार ने इसके दाम से लोगों को थोड़ी राहत दिलाने के लिए राशन दुकान से 68 रुपए की दर पर बेचने का फैसला किया था। (तस्वीर- प्रतीकात्मक)












Click it and Unblock the Notifications