'15 सेकंड की छूट मिल जाए, तो हम वह कर दिखाएंगे', BJP नेत्री नवनीत राणा ने ओवैसी बंधुओं पर साधा निशाना
Navneet Rana BJP: बीजेपी की फायरब्रांड नेता और पूर्व सांसद नवनीत राणा का प्रयागराज महाकुंभ से एक विवादित बयान सामने आया है। उन्होंने कहा कि अगर सनातनियों को 15 सेकंड की छूट मिल जाए, तो हम वह कर दिखाएंगे, जिसके लिए अन्य लोग 15 मिनट का वक्त मांगते हैं।
नवनीत राणा ने इस बयान के जरिए ओवैसी बंधुओं पर निशाना साधते हुए कहा कि जो लोग 15 मिनट की छूट की बात करते हैं, उन्हें समझना चाहिए कि सनातनियों को अगर 15 सेकंड का वक्त मिल जाए तो क्या हो सकता है।साल 2019 के लोकसभा चुनाव में नवनीत राणा अमरावती से निर्दलीय सांसद चुनी गई थीं, और 2024 के लोकसभा चुनाव में उन्होंने बीजेपी के टिकट पर चुनाव लड़ा था। वह पहले भी ऐसा बयान दे चुकी हैं।

नवनीत राणा ने एक राष्ट्रीय न्यूज़ चैनल से बातचीत के दौरान ये बयान दिया है। उन्होंने प्रयागराज महाकुंभ में पहुंचने के बाद कहा कि यहां उन्हें दिव्य अनुभूति हो रही है और महाकुंभ की धरती से सनातनियों की एकता का संदेश गया है। पूर्व सांसद ने सपा मुखिया अखिलेश यादव और अन्य विपक्षी नेताओं पर भी हमला बोला। उन्होंने कहा कि विपक्षी नेता सनातन के नाम पर हो रहे कार्यों में भी कमी निकालने में लगे रहते हैं। धर्म के काम में राजनीति करना उचित नहीं है।
नवनीत राणा ने भगवा वस्त्र में महाकुंभ में आस्था की डुबकी लगाई और संत महात्माओं से मुलाकात की। हनुमान मंदिर में दर्शन पूजन भी किया। इस दौरान उन्होंने कहा, "भगवा मेरे खून के एक-एक कतरे में है, और महाकुंभ में आने वाले सभी सनातनी एकजुट हो जाएं।" नवनीत राणा ने एक्स (पूर्व में ट्विटर) पर भी एक पोस्ट करते हुए लिखा, "आज महाकुंभ में स्नान करके हम अपनी परंपरा और सनातनी धर्म को सिखाया है। सभी को दिल से राम-राम, हर-हर महादेव।"
यह भी पढ़ें Mahakumbh Mela 2025: प्रयागराज महाकुंभ जाएंगे राहुल गांधी और प्रियंका गांधी, लगाएंगे संगम में डुबकी












Click it and Unblock the Notifications