आईएएफ ने भेजी चिट्ठी, एएन-32 में सवार सभी को मृत मान लें
नई दिल्ली। इंडियन एयरफोर्स (आईएएफ) ने अब लापता एएन-32 में सवार सभी 29 लोगों को मृत मान लिया है। आईएएफ की ओर से मृतकों के परिवारवालों को इस बात की सूचना दे दी गई है और कहा गया है कि वे अपने परिवारजनों को अब मृत मान लें। 22 जुलाई को ट्रांसपोर्ट एयरक्राफ्ट एएन-32 उस समय गायब हो गया था जब उसने चेन्नई से पेार्ट ब्लेयर के लिए उड़ान भरी थी।

किसी से बचने की उम्मीद नहीं
आईएएफ की ओर से कहा गया है कि कोर्ट ऑफ इंक्वायरी जो कि सभी सुबूतों की सावधानीपूर्वक जांच पर आधारित है और जो सुबूत मौजूद हैं उनसे निष्कर्ष निकला है कि लापता हुए एयरक्राफ्ट में किसी के भी बचने की संभावना नहीं है। आईएएफ ने कहा है कि गहन सर्च एंड ऑपरेशन के बाद इस निष्कर्ष पर आईएएफ पहुंची है।
24 अगस्त को पहुंची चिट्ठी
आईएएफफ की ओर से 24 अगस्त को परिवारजनों को एक चिट्ठी पहुंची थी। चिट्टी संभावित मृत्यु के सर्टिफिकेट के साथ आई थी। आईएएफ ने परिवारवालों से कहा है कि वे अब इंश्योरेंस और दूसरे जरूरी कामों के लिए आगे बढ़ सकते हैं। परिवारवालों को बताया गया है कि एएन-32 की तलाश अभी तक जारी है।
201 सॉर्टीज, 2,17,800 स्क्वायर नॉटिकल मील
इस एयरक्राफ्ट में कोई भी अंडरवॉटर लोकेटर सिस्टम नहीं था जिसकी वजह से सर्च ऑपरेशन में काफी परेशानियां आ रही हैं। अब तक करीब 201 सर्च एंड रेस्क्यू सॉर्टीज की जा चुकी हैं।
इसमें सभी प्रकार के जरूरी एयरक्राफ्ट की मदद ली गई थी। करीब 2,17,800 स्क्वायर नॉटिकल मील के इलाके को कई बार छाना गया है। अमेरिका से आए सैटेलाइट और टीमों को भी इस सर्च ऑपरेशन में कोई मदद नहीं मिली है।












Click it and Unblock the Notifications