कोरोना: आज अबू धाबी से वापस आएंगे 179 भारतीय, यात्रियों से मिलने एयरपोर्ट पहुंचे राजदूत
नई दिल्ली: भारत सरकार ने विदेश में फंसे भारतीयों को निकालने के लिए वंदे भारत मिशन लांच किया है। इस मिशन के तहत आज अबू धाबी से एयर इंडिया की विशेष फ्लाइट से 179 भारतीयों को वापस लाया जाएगा। ये सभी केरल के रहने वाले हैं। कोरोना महामारी की वजह से सभी UAE में फंस गए थे। वहीं घर वापस आने की खुशी यात्रियों के चेहरे पर साफ दिख रही थी। उन्होंने मदद के लिए भारत सरकार और भारतीय राजदूत को धन्यवाद कहा।

केरल प्रशासन के मुताबिक ये विमान सभी यात्रियों को लेकर कोच्चि उतरेगा। जहां पर टर्मिनल में प्रवेश करने से पहले सभी की थर्मल स्कैनिंग की जाएगी। अगर इस दौरान किसी में कोरोना के लक्षण दिखे, तो उसे अस्पताल ले जाने की व्यवस्था की गई है। एयरपोर्ट पर जांच के बाद सभी को क्वारंटाइन किया जाएगा। उनके बैग को संक्रमण मुक्त करने के लिए हाइपोक्लोराइड डाला जाएगा। वहीं यात्रियों का हालचाल जानने अबू धाबी के राजदूत पवन कपूर अपनी टीम के साथ एयरपोर्ट पहुंचे। इस दौरान मदद के लिए यात्रियों ने भी उनको शुक्रिया कहा।
नौसेना ने भी भेजे तीन जहाज
इंडियन नेवी ने कोरोना वायरस महामारी के बीच संयुक्त अरब अमीरात (यूएई) और मालदीव में फंसे भारतीयों को निकालने के लिए तीन जहाज रवाना किए। इन तीन में से एक आईएनएस जलाश्व मालदीव की राजधानी माले के बंदरगाह पर पहुंच गया है। आईएनएस जलाश्व के अलावा आईएनएस मगर और आईएनएस शार्दुल को भी नेवी ने रवाना किया है। आईएनएस जलाश्व भारतीयों को लेकर कोच्चि पहुंचेगा।












Click it and Unblock the Notifications