सर्दी का प्रकोप: यूपी में अब तक 16 लोगों की मौत
नई दिल्ली। दिसंबर का महीना शुरू हुए आज दस दिन बीत चुके हैं और ठंड अपनी चरम सीमा पर आ गई है। सबसे ज्यादा असर तो उत्तर भारत में दिख रहा है जहां की ठिठुरती सर्दी ने लोगों की जान तक ले ली है। अभी उत्तर प्रदेश के विभिन्न जिलों में जारी शीतलहर व कोहरे की चपेट में आकर पिछले 24 घंटों में 16 लोगों की मौत हो चुकी है।
सर्दी का प्रकोप जारी है, सुबह देर तक कोहरे की वजह से यातायात बाधित हो रहा है तो वहीं सर्द मौसम की वजह से ट्रेने और हवाई-जहाज अपने निर्धारित समय से काफी देर से चल रहे हैं।
यूपी की सर्दी से लोग परेशान
जो आंकड़े प्राप्त हुए हैं उसके हिसाब से गहरे कोहरे के चलते बाराबंकी में हुए एक हादसे में पांच लोगों की मौत हो गई, जबकि फतेहपुर में तीन लोगों को मौत हुई है। इसके अलावा बस्ती में तीन, कुशीनगर व सिद्धार्थनगर में दो और चंदौली में एक व्यक्ति की मौत हो गई है।
आने वाले दिनों में और भी सर्दी बढ़ेगी
उत्तर प्रदेश की राजधानी लखनऊ और सूबे के अन्य हिस्सों में बुधवार सुबह से ही बादल छाए हुए हैं। मौसम विभाग के अनुसार आने वाले दिनों में मौसम का यही रुख बरकरार रहेगा।
अगले 24 घंटों के दौरान दिन और रात के तापमान में और गिरावट
उप्र मौसम विभाग के अधिकारियों ने बताया कि अगले 24 घंटों के दौरान दिन और रात के तापमान में और गिरावट आएगी। कोहरे का भी प्रकोप बढ़ेगा। पूर्वाचल और बुंदेलखंड में खासतौर से कोहरे का असर ज्यादा देखा जा सकता है।
मौसम विभाग के अनुसार मंगलवार को राजधानी लखनऊ का न्यूनतम तापमान छह डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया जबकि अधिकतम तापमान 26 डिग्री सेल्सियस के आसपास रहने का अनुमान है। राजधानी के अलावा अन्य प्रमुख शहरों में वाराणसी का न्यूनतम तापमान सात डिग्री सेल्सियस, कानपुर का 7.3 डिग्री सेल्सियस, इलाहाबाद का आठ डिग्री सेल्सियस और झांसी का नौ डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया।
राज्य में घने कोहरे की वजह से करीब 12 से अधिक रेलगाड़ियां अपने नियत समय से कई घंटे की देरी से चल रही हैं। बेगमपुरा एक्सप्रेस, श्रमजीवी एक्सप्रेस, नौचंडी एक्सप्रेस, हिमगिरी एक्सप्रेस, गरीब रथ एक्सप्रेस सहित एक दर्जन रेलगाड़ियां कई घंटे की देरी से अपने गंतव्य पर पहुंची।













Click it and Unblock the Notifications