दिल्ली: आजादपुर मंडी के 11 व्यापारी मिले कोरोना पॉजिटिव, पूरा इलाका सील
नई दिल्ली। राजधानी दिल्ली में कोरोना वायरस तेजी से पैर पसार रहा है। अब तक यहां 3300 से ज्यादा मामले सामने आ चुके हैं, जबकि 54 लोगों की मौत हुई है। वहीं अब आजादपुर सब्जी मंडी से जुड़े 11 व्यापारी कोरोना पॉजिटिव पाए गए हैं। मामला सामने आने के बाद मंडी को सील कर दिया गया है। वहीं उनके संपर्क में आए लोगों की तलाश की जा रही है। इसके साथ ही मंडी को सैनिटाइज करने का काम भी जारी है।

दरअसल दिल्ली के आजादपुर मंडी से जुड़े 11 व्यापारियों की तबीयत खराब थी। जिसके बाद डॉक्टरों ने उनका कोविड- 19 टेस्ट करवाया। जिसमें सभी की रिपोर्ट पॉजिटिव आई है। रिपोर्ट आते ही मंडी में हड़कंप मच गया। आनन-फानन में मंडी को बंद कर वहां सैनिटाइज करने का काम शुरू किया गया। वहीं उत्तरी दिल्ली के जिलाधिकारी दीपक शिंदे के मुताबिक ये सभी सीधे तौर पर मंडी से नहीं जुड़े थे। मामले में दिल्ली के स्वास्थ्य मंत्री सतेंद्र जैन ने बताया कि मंडी को पूरी तरह से संक्रमण मुक्त कर दिया गया है। इसके साथ ही आसपास की दुकानों को सील कर दिया गया है। सरकार मामले में उचित कदम उठा रही है।
देश में 31 हजार से ज्यादा केस
केंद्रीय स्वास्थ्य और परिवार कल्याण मंत्रालय ने बुधवार सुबह बताया कि भारत में कोरोना वायरस के पॉजिटिव मामलों की संख्या 31332 हो गई है। जबकि इस महामारी से अब तक 1007 लोगों की मौत हुई है। कुल 31332 मामलों में 1007 मौतें, 7695 ठीक / डिस्चार्ज और 1 माइग्रेट शामिल है। वायरस से सबसे ज्यादा प्रभावित राज्य महाराष्ट्र है। जहां अब 300 से ज्यादा लोगों की मौत हो गई है।












Click it and Unblock the Notifications