पहली बार 1002 महिलाओं ने पास किया NDA एग्जाम, सिर्फ 19 को मिलेगी खड़कवासला में एंट्री
नई दिल्ली, 17 दिसंबर: राष्ट्रीय रक्षा अकादमी परीक्षा (एनडीए) 2021 के परिणाम घोषित हो गए हैं। राष्ट्रीय रक्षा अकादमी (एनडीए) परीक्षा को पास करने वाले 8,000 से अधिक उम्मीदवारों की सूची में 1,000 से अधिक महिला उम्मीदवारों ने परीक्षा पास की है। यह पहली बार है जब महिला उम्मीदवार 14 नवंबर को संघ लोक सेवा आयोग (यूपीएससी) द्वारा आयोजित परीक्षा में शामिल हुईं थीं।इनके परिणाम बुधवार को घोषित किए गए।

रक्षा मंत्री के कार्यालय ने शुक्रवार को ट्वीट कर कहा ,एनडीए की परीक्षा में उत्तीर्ण होने वाले 8000 उम्मीदवारों में पहली बार परीक्षा में बैठी 1002 महिला उम्मीदवार भी शामिल हैं। ये पहली बार होगा कि महिला कैडेट्स एनडीए में दाखिला लेंगी। सुप्रीम कोर्ट के आदेश के बाद पहली बार महिलाओं का चयन एनडीए के लिए किया गया है। एनडीए-II की इस परीक्षा में थलसेना के कुल 208 पदों में से 10 महिलाओं के लिए हैं। वायुसेना के 120 पदों में से 6 और नौसेना के 42 में से 3 पद महिलाओं के लिए हैं।
इन महिला उम्मीदवारों को अब आगे की चयन प्रक्रिया के तहत सर्विस सिलेक्शन बोर्ड (एसएसबी ) के मानकों तथा मेडिकल फिटनेस की कसौटी पर खरा उतरना होगा । परीक्षा पास करने वाली 1002 महिला उम्मीदवारों में से केवल 19 को राष्ट्रीय रक्षा अकादमी में प्रशिक्षण के लिए चुना जाएगा। समूची चयन प्रक्रिया के आधार पर अगले कोर्स के लिए 400 उम्मीदवारों को चुना जाना है जिनमें 19 स्थान महिलाओं के लिए रखे गए हैं।
यह पहला मौका होगा जब एनडीए कोर्स में महिला कैडेट पुरुषों के साथ प्रशिक्षण लेंगी । इसके लिए पुणे में खड़कवासला स्थित राष्ट्रीय रक्षा अकादमी में सभी जरूरी व्यवस्था तथा इंतजाम किए जा रहे हैं। राज्यसभा में एक प्रश्न के लिखित उत्तर में रक्षा राज्य मंत्री अजय भट्ट ने कहा था कि परीक्षा के लिए आवेदकों की कुल संख्या 5,75,856 थी, जिनमें से 1,77,654 महिलाएं थीं।












Click it and Unblock the Notifications