व्हाट्सएप पर फैलाई बिरयानी में कुत्ते का मांस होने की अफवाह, पहुंचा जेल
सोशल मीडिया के जरिए एक होटल में मिलने वाली बिरयानी में कुत्ते का मांस होने की बात करना छात्र को भारी पड़ गया। उसे एक मैसेज ने सलाखों के पीछे पहुंचा दिया।
हैदराबाद। हैदराबाद के एक एमबीए स्टूडेंट ने अपने दोस्तों को उनकी फेवरेट बिरयानी खाने से रोकने के लिए व्हाट्सएप ग्रुप पर एक मैसेज किया, जिसमें कुत्तों का मांस काटते हुए दिखाया गया था। उसने बिरयानी में कुत्तें का मांस होने की बात कही।

वालाबोजू चंद्रमोहन नाम के एमबीए स्टूडेंट ने व्हाट्सएप पर ये मैसेज किया। इसमें कहा गया था कि सैबराबाद के शाहगौस बिरयानी रेस्टोरेंट पर बिरयानी में कुत्ते का मांस मिलाया जाता है। मैसेज ने उसको जेल पहुंचा दिया है।
चंद्रमोहन का ये मैसेज सोशल मीडिया पर वायरल हुआ तो होटल के मालिक को पुलिस ने गिरफ्तार कर लिया लेकिन बाद में ये मैसेज फर्जी साबित हुआ। इसके बाद सैबराबाद की साइबर सेल ने इसकी जांच करते हुए गुरूवार को चंद्रमोहन को गिरफ्तार कर लिया।
पुलिस की साइबर सेल ने बताया कि चंद्रमोहन ने तेलुगु में अपने व्हाट्सएप पर ये मैसेज रिसीव किया और इसी को अपने दोस्तों को भेज दिया। पुलिस उन 16 व्हाट्सएप ग्रुप यूजर्स की जांच कर रही है, जिन्होंने ये मैसेज भेजा।
सोशल मीडिया के बाद न्यूज चैनल पर भी आई थी खबर
बीते 14 दिसंबर को शाहगौस रेस्टोरेंट के मालिक को गिरफ्तार किया गया था। गिरप्तारी तब हुई जब उनके यहां बिरयानी में कुत्ते का मांस होने की बात सोशल मीडिया पर वायरल होने के बाद कुछ न्यूज चैनल पर भी ये खबर दिखाई गई। इसके बाद बिरयानी की जांच खाद्य विभाग ने की। जिसमें बिरयानी में किसी तरह की कोई गड़बड़ नहीं मिली।
इसके बाद होटल मालिक रब्बानी ने साइबर सेल में शिकायत दर्ज कराई। रब्बानी ने अपनी शिकायत में कहा कि इस अफवाह से ना सिर्फ उसका आर्थिक नुकसान हुआ है बल्कि उसकी प्रतिष्ठा को भी गहरा धक्का लगा है।
रब्बानी ने कहा कि उसके यहां काम करने वाले कई लोग इस एक अफवाह की वजह से बेरोजगार हो गए। पुलिस ने रब्बानी की शिकायत पर जांत करते हुए चंद्र मोहन को गिरफ्तार कर लिया है और मामले की जांच कर रही है।












Click it and Unblock the Notifications