शिमला: योग दिवस से कांग्रेस ने किया किनारा, राज्यपाल ने अकेले किया योग
हिमाचल प्रदेश की राजधानी शिमला में आज विश्व योग दिवस के अवसर पर आयोजित कार्यक्रम में सत्ताधारी पार्टी कांग्रेस का कोई भी नेता शामिल नहीं हुआ।
शिमला। हिमाचल प्रदेश की राजधानी शिमला में आज विश्व योग दिवस के अवसर पर आयोजित कार्यक्रम में सत्ताधारी पार्टी कांग्रेस का कोई भी नेता शामिल नहीं हुआ। बुधवार को योग दिवस के अवसर पर प्रदेश के राज्यपाल आर्चाय देवव्रत ने ऐतहासिक रिज मैदान में आयोजित एक कार्यक्रम में योग किया। लेकिन हैरानी की बात यह रही है कि राज्यपाल के इस कार्यक्रम में न तो प्रदेश के मुख्यमंत्री वीरभद्र सिंह आए न ही उनके कैबिनेट का कोई अन्य मंत्री। जिससे यह कार्यक्रम पूरी तरह भगवे रंग में रंगा नजर आया।

राज्यपाल ने बच्चों संग किया योग
ऐतिहासिक रिज मैदान मैदान पर रोटरी क्लब शिमला व सतलुज जल विद्युत निगम की ओर से प्रदेश के राज्यपाल आर्चाय देवव्रत की मौजूदगी में योग समारोह आयोजित किया गया था। इस समारोह में शिमला के कुछ स्कूलों के बच्चों के साथ-साथ जनता ने भी भाग लिया। योग शिविर में भारी संख्या में शिमलावासियों ने योग किया। इस अवसर पर बोलते हुये राज्यपाल देवव्रत ने कहा कि योग आदमी को निरोगी बनाने में कारगर है। उन्होंने कहा कि अगर आज के युग में हर किसी को स्वस्थ रहना है तो योग को अपनी आदत बनाना होगा व इसे अपनी रोजाना क्रिया में शामिल करना चाहिये। उन्होंने कहा कि योग प्राचीन भारतीय परंपरा का एक अमूल्य उपहार है।

श्रीश्री रविशंकर ने भी लगाया योग शिविर
उधर, विश्व योग दिवस पर श्रीश्री रविशंकर द्वारा हमीरपुर जिले के सुजानपुर में योग शिविर का आयोजन किया गया। सुबह नौ बजे से शुरु होना वाला ये शिविर को बारिश की वजह से देरी से शुरु हुआ। आर्ट ऑफ लिविंग के फाउंडर श्रीश्री रविशंकर ने सुजानपुर में लोगों को योग के फायदे बताए। सुबह का खराब मौसम और बारिश भी लोगों का जोश ठंडा नहीं कर पाई और लोगों ने सुबह के समय श्रीश्री रविशंकर के योग शिविर में पहुंच जमकर योगाभ्यास किया।

अनुराग ठाकुर ने भी किया योग
मौके पर श्रीश्री रविशंकर के साथ सांसद अनुराग ठाकुर व प्रेम कुमार धूमल सहित हजारों लोगों ने योगाभ्यास किया। बारिश की वजह से शिविर में अपेक्षित संख्या से कम लोगों का आना हुआ लेकिन जितने भी लोग मौजूद थे उनका उत्साह देखने लायक था। बारिश के बावजूद योग करने और रविशंकर को सुनने पहुंचे लोगों ने छाता का सहारा लिया और योग करना शुरु किया।बता दें कि श्रीश्री रविशंकर हमीरपुर में योग कराने के बाद धर्मशाला पुलिस ग्राउंड में आज शाम साढ़े पांच बजे आर्ट ऑफ लिविंग संस्था के कार्यक्रम में भी योग सिखाएंगे।












Click it and Unblock the Notifications