शिमला का लड़का लाया रूस की दुल्हन ,जानिए फेसबुक पर कैसे शुरू हुई लव स्टोरी
Recommended Video

शिमला। रूस की स्वेटलाना अर्नीकोवा को क्या पता था, कि उसे अपना जीवन साथी सात संमदर पार भारत में मिलेगा लेकिन यह सब संभव हो पाया है फेसबुक के जरिए। स्वेटलाना अर्नीकोवा का सोशल मीडिया के फेसबुक प्लेटफार्म पर हिमाचल प्रदेश में शिमला के एक युवक सुशांत ठाकुर से ऐसा संपर्क हुआ कि वह उसे दिल दे बैठी। दोनों की प्रेम कहानी आखिरकार विवाह के बंधन में बंध गई।

चारों ओर हो रही है चर्चा
इस अदभुत प्रेम कहानी के चर्चे इन दिनों प्रदेश में हैं। सुशांत ठाकुर व स्वेटलाना अर्नीकोवा ने हिंदू रीति-रिवाज अनुसार सात फेरे लिए। सुशांत ठाकुर के पैतृक गांव सरकाघाट के रोपड़ी में यह विवाह संपन्न हुआ। सादे कार्यक्रम में यह शादी पूरी हिंदू रस्मों के साथ हुई, जिसमें वधू पक्ष से कन्यादान करने वाले पास ही के सरौर चौक पर मिठाई की दुकान करने वाले रमेश कुमार का परिवार व विदेशी युवती के सगे भाई-बहन ही थे। जबकि युवती के माता-पिता अस्वस्थ बताए गए और वे अपनी पुत्री की इस खास शादी में शामिल नहीं हो सके। शादी की सारी रस्में दोनों मित्रों के परिवारों ने मिलकर निभाईं और लोगों को मंडयाली धाम भी परोसी।

रूस की राजधानी मॉस्को की रहने वाली है दुल्हन
बताया जा रहा है कि रूस के मॉस्को शहर की रहने वाली स्वेटलाना अर्नीकोवा अकाउंटेंट का काम करती है और सरकाघाट के रोपड़ी का सुशांत ठाकुर शिमला स्थित एक कंपनी में बतौर टीम लीडर काम करता है। दोनों की सोशल मीडिया के माध्यम से ऑनलाइन ही बातचीत शुरू हुई और दोनों एक-दूसरे से इतने परिचित हो गए कि ऑनलाइन प्यार मुहब्बत के बाद दोनों ने एक-दूसरे के समक्ष शादी का प्रस्ताव रख दिया। फिर रूसी युवती ने एक शर्त रखी कि वह हिमाचल आकर ही शादी करना चाहती है और यहां की संस्कृति व रीति-रिवाज अनुसार ही सात फेरे लेगी। सुशांत ठाकुर ने यह बात अपने पिता विनोद को बताई तो उन्होंने हामी भर दी लेकिन अड़चन बेटी के कन्यादान को लेकर हुई तो उन्होंने अपने दोस्त रमेश जो पेशे से दुकानदार हैं, को यह बात बताई तो वह तुरंत इस पुनीत कार्य के लिए तैयार हो गए।

अब यहीं रहकर पति के साथ करेगी नौकरी
पिछले एक महीने से इस शादी की तैयारियां चल रही थीं और युवती 2 माह के टूरिस्ट वीजा पर भारत आई है तथा 15 दिन शिमला में अपने मित्र सुशांत के पास रही और शादी की रस्में पूरी करने के लिए 15 दिन पूर्व सुशांत के पिता विनोद के मित्र रमेश के घर सरौर आ गई थी और उन्हीं के हाथों उसका सोमवार को कन्यादान हुआ जबकि वधू पक्ष का पूरा जिम्मा रमेश ने ही उठाया। इस शादी के लिए 2 दिन पूर्व स्वेटलाना अर्नीकोवा के भाई ब्लाडीक व बहन तान्या भी पहुंच गई थी जो इस शादी से बेहद खुश दिखे। दोनों ने इस शादी का लाइव वीडियो अपने माता-पिता को भी दिखाया जो बीमार होने के कारण यहां नहीं आ सके थे और बेटी के हाथ पीले देख फूले नहीं समा रहे थे। बताया गया कि अब स्वेटलाना अर्नीकोवा शिमला में ही अपने पति सुशांत के साथ प्राइवेट नौकरी करेगी।












Click it and Unblock the Notifications