'मैं तो समोसे खाता ही नहीं..', 'समोसा कांड' पर हिमाचल सीएम सुक्खू ने कुछ यूं दी सफाई
Samosa Controversy Himachal Pradesh: हिमाचल प्रदेश में इन दिनों 'समोसा' चर्चा का केंद्र बना हुआ है। अब सवाल उठा रहा है कि समोसे आए थे तो कहां गए? और इसी मुद्दे पर सीआईडी जांच तक हुई है। वहीं, अब इस मुद्दे पर हिमाचल प्रदेश के मुख्यमंत्री सुखविंद्र सिंह सुक्खू ने सफाई दी है।
न्यूज़ एजेंसी एएनआई के मुताबिक, हिमाचल सीएम सुखविंद्र सिंह सुक्खू ने 'समोसा' विवाद पर कहा, 'ऐसी कोई बात नहीं है... वह (CID) दुर्व्यवहार के मुद्दे पर शामिल हुई, लेकिन आप (मीडिया) 'समोसा' के बारे में खबर चला रहे हैं।' इतना ही नहीं, उन्होंने कहा कि मैं तो समोसे खाता ही नहीं, मुझे तो पता भी नहीं था कहां से समोसे आए हैं।

सुक्खू सरकार को बदनाम करने की साजिश
समोसा कांड पर सीएम सुक्खू के प्रधान मीडिया सलाहकार नरेश चौहान की प्रतिक्रिया भी सामने आई है। उन्होंने कहा कि यह बिल्कुल गलत बयानबाजी है। कोई इस तरह की कोई जांच नहीं हुई है। हमें समझ नहीं आता कि यह कैसी न्यूज चल रही है और क्या यह इन सब के पीछे सोच क्या है। इस सरकार को बदनाम करने के लिए कुछ लोग मिलकर साजिश करते हैं।
क्या है समोसा कांड का पूरा मामला?
रिपोर्ट्स के मुताबिक, 21 अक्टूबर को हिमाचल सीएम सुखविंदर सिंह सुक्खू सीआईडी मुख्यालय पहुंचे थे। यहां पर उनके लिए तीन बॉक्सेज में समोसे और केक मंगवाए गए थे। लेकिन, यह फूड आइटम्स सीएम के पास पहुंचने के बजाय उनके सुरक्षाकर्मियों में बांट दिए गए थे। इसके बाद इस पूरे मामले पर सीआईडी जांच बैठ गई थी।
बीजेपी ने क्या कहा था?
समोसा कांड पर भारतीय जनता पार्टी (बीजेपी) का बयान सामने आया था। पार्टी प्रवक्ता प्रदीप भंडारी ने हिमाचल प्रदेश की वित्तीय समस्याओं से जोड़ते हुए सुखू और कांग्रेस के नेतृत्व वाली राज्य सरकार की आलोचना की। उन्होंने कहा कि हिमाचल में स्थिति ऐसी है कि सीएम के पास अपना वेतन देने के लिए पैसे नहीं हैं, मुख्य सचिव और विधायकों को वेतन देने के लिए पैसे नहीं हैं।












Click it and Unblock the Notifications