शपथ लेने के तीन दिन बाद हिमाचल भाजपा विधायक के खिलाफ मामला दर्ज
शिमला। कुछ दिन पहले हिमाचल विधानसभा में चुनकर आये एक विधायक पर शपथ लेने के महज तीन दिन बाद ही आपराधिक मामला दर्ज हो गया है। यह बिलासपुर जिला के झंडूता के विधायक जे आर कटवाल हैं, जो रिटायर्ड आईएएस अफसर हैं। मामला अच्छी खासी चर्चा का विषय बना गया है। विधायक विरोधी उन्हें घेर रहे हैं।

यह मामला भी उनके सरकारी सेवाकाल का है। भाजपा विधायक जे आर कटवाल के खिलाफ छोटा शिमला थाने में सरकारी रिकार्ड से छेड़छाड़ करने के खिलाफ मामला दर्ज हुआ है। यह मामला आई.पी.सी. की धारा 465, 466 व 469 के तहत दर्ज किया गया है। भाजपा विधायक पर प्रशासनिक अधिकारी के पद पर रहते हुए आर.टी.आई. दस्तावेजों के साथ छेड़छाड़ करने के आरोप लगे हैं। पुलिस ने उनके खिलाफ यह मामला अदालत के आदेश पर दर्ज किया है।
भाजपा विधायक जे आर कटवाल पर प्रताप सिंह वर्मा ने आरोप लगाए हैं कि जब वह वर्ष 2015 में सेवानिवृत्ति के बाद महिला बाल विकास विभाग में आउटसोर्स आधार पर तैनात थे और उनको वर्ष 2016 में जब एक्सटेंशन मिली तो उस समय मौजूदा विधायक इसी विभाग में सेवाएं दे रहे थे। उन्होंने उस दौरान अपने पद की एक्सटेंशन के नियमों बारे विभाग से वर्ष 2015 व 2016 में आर.टी.आई. के तहत जानकारी मांगी थी।
विधायक कटवाल पर आरोप है कि वर्ष 2016 में विभाग की ओर से मिले आर.टी.आई. के दस्तावेजों के साथ उन्होंने टैंपरिंग की। इस मामले को शिकायतकर्ता ने अदालत में चुनौती दी थी। इसके बाद अदालत ने पुलिस को मामला दर्ज करने के आदेश दिए। अदालत के आदेश पर पुलिस ने इस मामले में शिकायतकर्ता से संबंधित रिकार्ड को भी कब्जे में लेकर जांच शुरू कर दी है।
हिमाचल प्रदेश कांग्रेस सेवादल के प्रैस सचिव गुरदास सिंह सुमन ने भाजपा विधायक जीत राम कटवाल से नैतिकता के आधार पर त्याग पत्र देने की मांग की है। उन्होंने कहा कि यदि भाजपा भ्रष्टाचार पर जीरो टोलरैंस का दावा करती है तो मुख्यमंत्री को तुरंत कटवाल से त्यागपत्र लेने की मांग करनी चाहिए। वहीं भाजपा विधायक जीत राम कटवाल से जब इस बारे संपर्क किया गया तो उन्होंने बताया कि उनको इस मामले की जानकारी नहीं है। वे विधानसभा के शीतकालीन सत्र में व्यस्त हैं।












Click it and Unblock the Notifications