हिमाचल प्रदेश के ऊना में फैक्ट्री में धमाका, 6 मजदूरों की मौत, 12 झुलसे
शिमला, 22 फरवरी: हिमाचल प्रदेश के ऊना जिले में एक बड़े धमाके में 6 लोगों की मौत की खबर सामने आई है, जानकारी के मुताबिक यह धमाका ऊना के बथू स्थित फैक्ट्री में हुआ है, जिसमें कम से कम 6 लोगों की मौत हो गई है। वहीं इस धमाके में लगभग 12 लोग झुलस गए, जिन्हें ऊना के एक अस्पताल में इलाज के लिए भर्ती कराया गया है। हादसे की सूचना के बाद तुरंत मौके पर दमकल के लोग पहुंच गए हैं।
Recommended Video

जानकारी के मुताबिक ऊना के बथू औद्योगिक क्षेत्र में स्थिति एक फैक्ट्री में यह धमाका हुआ है, जिसमें 6 लोगों की मौत और 12 लोगों के करीब मजदूरों के झुलसने की खबर मिली है। फैक्ट्री में हुए इस ब्लास्ट में सभी 6 लोग जिंदा जल गए। वहीं हादसे की खबर के बाद फायर ब्रिगेड और कुछ अन्य प्रशासनिक लोग मौके पर पहुंच गए हैं। जिस फैक्ट्री में ब्लास्ट हुआ है, वो पटाखा फैक्ट्री बताई जा रही है।
इस दर्दनाक हादसे पर पीएम मोदी ने शोक व्यक्त किया है। पीएम मोदी ने ट्वीट करते हुए लिखा, "हिमाचल प्रदेश के ऊना की एक फैक्ट्री में हुआ हादसा दुखद है। जिन लोगों को इसमें अपनी जान गंवानी पड़ी है, उनके परिजनों के प्रति मेरी गहरी संवेदनाएं। इसके साथ ही मैं हादसे में घायल सभी लोगों के शीघ्र स्वस्थ होने की कामना करता हूं"
वहीं प्रधानमंत्री कार्यालय की तरफ जानकारी दी गई है कि हिमाचल प्रदेश में हुए फैक्ट्री हादसे में जान गंवाने वालों के परिजनों को प्रधानमंत्री राष्ट्रीय राहत कोष से 2-2 लाख रुपए और घायलों को 50,000 रुपये दिए जाएंगे।
हिमाचल के पड़ोसी राज्य उत्तराखंड में भी आज बड़ा हादसा सामने आया है। चंपावत में एक गाड़ी खाई में गिर गई, जिसमें 14 लोगों की मौत हो गई है। जानकारी के मुताबिक वाहन में कुल 16 लोग सवार थे, वो किसी शादी में से शामिल होकर लौट रहे थे, हादसा सुखीडांग रीठा साहिब रोड के पास खाई में गिरने से हुआ। हादसे में 2 लोग घायल भी हुए हैं। वहीं प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने उत्तराखंड में एक दुर्घटना में जान गंवाने वाले लोगों के परिजनों को प्रधानमंत्री राष्ट्रीय राहत कोष से 2-2 लाख रुपये और घायलों को 50,000 रुपये की अनुग्रह राशि देने की घोषणा की।












Click it and Unblock the Notifications