हिमाचल प्रदेश में AAP को फिर लगा झटका, प्रदेश अध्यक्ष के बाद महिला मोर्चा अध्यक्ष ने भी ज्वॉइन की BJP
नई दिल्ली, अप्रैल 11। हिमाचल प्रदेश में इस साल के आखिर में होने वाले विधानसभा चुनाव की तैयारियों में जुटी आम आदमी पार्टी में सोमवार को फिर से बड़ी टूट हुई है। दरअसल, दो दिन पहले AAP के प्रदेश अध्यक्ष अनूप केसरी समेत पार्टी के कई नेता बीजेपी में शामिल हुए थे और सोमवार को महिला मोर्चा अध्यक्ष ममता ठाकुर ने भी कई नेताओं के साथ बीजेपी की सदस्यता ले ली। ममता ठाकुर ने केंद्रीय मंत्री अनुराग ठाकुर तथा राष्ट्रीय महामंत्री अरुण सिंह की मौजूदगी में बीजेपी की सदस्यता ली।

हिमाचल प्रदेश में AAP की कार्यकारी समिति भंग
आम आदमी पार्टी में हुई इतनी बड़ी टूट के बाद दिल्ली सरकार में स्वास्थ्य मंत्री सत्येंद्र जैन ने ट्वीट कर कहा है कि हिमाचल प्रदेश राज्य कार्यकारी समिति को भंग कर दिया गया है। जल्द ही नई कार्यसमिति का ऐलान किया जाएगा। आपको बता दें कि दो दिन पहले आदमी पार्टी के हिमाचल प्रदेश अध्यक्ष अनूप केसरी सहित कई नेताओं ने भारतीय जनता पार्टी का दामन थामा था। भाजपा के राष्ट्रीय अध्यक्ष जेपी नड्डा और केंद्रीय मंत्री अनुराग ठाकुर ने उन नेताओं को बीजेपी ज्वॉइन कराई थी।
यह नेता दो दिन पहले हुए थे बीजेपी में शामिल
दो दिन पहले बीजेपी ज्वॉइन करने वाले आप के नेताओं में प्रदेश अध्यक्ष अनूप केसरी और संगठन महामंत्री सतीश ठाकुर का नाम शामिल था। इसके अलावा ऊना के पार्टी इकाई के अध्यक्ष इक़बाल सिंह भी बीजेपी में शामिल हो गए थे। इस टूट के बाद आम आदमी पार्टी ने दावा किया था कि अनूप केसरी के खिलाफ महिला पर अमर्यादित टिप्पणी करने की शिकायत आई थी, इसलिए उन्हें पार्टी से निकाला गया था।












Click it and Unblock the Notifications