पीएम मोदी के आह्वान पर खुद मास्क बना रही 11 साल की वैष्णवी, लोगों से कर रही घर में रहने की अपील
हमीरपुर। हिमाचल प्रदेश में सातवीं कक्षा में पढ़ने वाली 11 साल की वैष्णवी ने मास्क बना कर मिसाल पेश की है। कोरोना जैसी महामारी के चलते वैष्णवी ने मास्क बनाकर कोरोना वायरस से बचाव के प्रति लोगों को जागरुक करने में अपनी अहम भूमिका निभा रही है। वैष्णवी पीएम मोदी और स्थानीय विधायका कमलेश कुमारी को आदर्श मानकर अपने नन्हें हाथों से मास्क सिलकर राहगीरों को कोरोना महामारी से बचाव के लिए मुंह पर मास्क लगाने की अपील कर रही है। वैष्णवी के इस कार्य को लेकर लोग जमकर तारीफ कर रहे हैं।

रोज 10 से 20 मास्क सिल रही है वैष्णवी
विश्वव्यापी कोरोना महामारी से लड़ने के लिए देश का हर नागरिक अपनी-अपनी अहम भूमिका निभा रहे हैं, ताकि कोरोना जैसी महामारी से निपटा जा सके। हिमाचल प्रदेश के जिला हमीरपुर के गांव करहा की सातवीं कक्षा में पढ़ने वाली 11 वर्षीय छात्रा वैष्णवी अपने हाथों से मास्क बनाकर अपनी अहम भूमिका निभा रही है। वैष्णवी ने पीएम मोदी के आह्वान और स्थानीय विधायक कमलेश कुमारी को आदर्श मानकर मास्क बनाने के कार्य का आगाज किया। वैष्णवी अपने नन्हें हाथों से दिन में दस से बीस मास्क तैयार कर रही है और राहगीरों को कोरोना से एहतियात रखने के लिए मास्क बांट रही है। वैष्णवी द्वारा मास्क बनाने के कार्य की लोगों में जमकर सराहना की जा रही है।

महामारी से बचाव के लिए लोगों का कर रही प्रेरित
करहा की बेटी उन लोगों के लिए प्रेरणा का स्रोत बनी है जो लोग लॉकडाउन और कर्फ्यू के चलते नियमों को ताक पर रखकर खुले में बिना मतलब घूम रहे हैं और सरकार के आदेशों को नकार कर, इस महासंकट के समय कोई योगदान नहीं दे रहे हैं। वैष्णवी की मानें तो वह स्वयं कोरोना महामारी से बचने के लिए घर पर रहकर दिन में दस से बीस मास्क तैयार कर रही हैं, ताकि इस कोरोना जैसी महामारी से बचाव किया जा सके।

लोगों से मुंह पर मास्क लगाने की अपील
वैष्णवी की मां अनिता ने बताया कि बेटी के इस कार्य को लेकर खासी उत्साहित हैं। वैष्णवी हर रोज दस से बीस मास्क सिल रही है और खुद ही राहगीरों को मास्क बांटकर कोरोना महामारी से बचाव के लिए मुंह पर मास्क लगाने की अपील भी कर रही है। वहीं, वैष्णवी के पिता मनु पाल शर्मा ने बेटी के इस कार्य की तारीफ करते हुए कहा कि बेटी देश सेवा का काम कर रही है। वैष्णवी की दादी ने बताया कि वैष्णवी पढ़ाई के साथ साथ हर गतिविधियों में अपनी अहम भूमिका निभाती है। अब महामारी के चलते मास्क बनाने में लगी हुई है जिससे लोगों को बीमारी से बचने के लिए मदद मिलेगी। वहीं, स्थानीय निवासियों ने भी वैष्णवी के कार्य की जमकर सराहना की है।












Click it and Unblock the Notifications