भयंकर गर्मी में प्यासे यात्रियों को पानी पिला-पिलाकर हरियाणा के इस बस कंडेक्टर ने जीता दिल
Heartwarming! Haryana Bus Conductor Offers Free Drinking Water To Passengers, Story Goes Viral
रोहतक। प्रचंड गर्मी के बीच बस में सफर करने वाले यात्री अक्सर प्यास से जूझते हैं। बहुत से लोग बीमार भी हो जाते हैं। ऐसे में यह शख्स यात्रियों के लिए देवदूत से कम नहीं लगता। इसका नाम है- सुरेन्द्र शर्मा। यह वो बस कंडक्टर है, जो अपना फर्ज निभाने के साथ-साथ पिछले कई सालों से इंसानियत का उदाहरण बना हुआ है।

रोहतक के बस कंडक्टर सुरेंद्र शर्मा
सुरेंद्र की जिस बस में भी ड्यूटी होती है, उसमें वह पानी के कई कैन रखते हैं। यात्रियों को बस में चढ़ते ही पीने को पानी देकर उनकी प्यास बुझा देते हैं। ऐसा करते हुए उन्हें 12 साल से ज्यादा हो गए। इन दिनों जबकि गर्मी ने लोगों के पसीने छुड़ा रखे हैं, और बहुत से लोग प्यास से व्याकुल रहते हैं..उनके लिए सुरेंद्र जनसेवक से कम नहीं हैं। वह भाली आनंदपुर, रोहतक के रहने वाले हैं।

यात्रियों को चलती बस में पिलाते हैं पानी
सोशल मीडिया पर इनके कई वीडियो सामने आए हैं। एक वीडियो में दिख रहा है कि, जैसे ही यात्रियों की भीड़ बस में चढ़ती जा रही है, वह यात्रियों को पानी के लिए पूछ रहे हैं। सोचने वाली बात यह है कि, बस में सफर करने वाले ज्यादातर लोग पानी खरीदकर पीते हैं, या फिर कुछ लोग अपनी बॉटल साथ रखते हैं।

सोशल मीडिया पर भी सराहना
वीडियो में दिख रह है कि लोग बस में घुसते ही अपने लिए सीट पकड़ रहे हैं, लेकिन बस कंडक्टर सुरेन्द्र शर्मा टिकट काटने की बजाए उन लोगों को पानी पिलाने में लगे हुए हैं। ऐसा देखकर बहुत से लोग ताज्जुब करते हैं। सोशल मीडिया पर उनका वीडियो दिखने पर लोग सुरेंद्र की खूब प्रशंसा कर रहे हैं।

अब हर कोई कर रहा इनकी तारीफ
हरियाणा से राज्यसभा सांसद दीपेंद्र सिंह हुड्डा ने भी सुरेंद्र की तारीफ में ट्वीट किया। उन्होंने लिखा- हरियाणा रोडवेज में कंडक्टर पद पर सेवारत सुरेंद्र जी की खासियत यह है कि जिस बस में इनकी ड्यूटी होती है उसमें पानी के कई कैन रखते हैं। यात्रियों को बस में चढ़ते ही पीने को पानी देकर लोगों के मन में अमिट छाप छोड़ देते हैं। यह भाई हमारे लिए प्रेरणा हैं।

भगवान आपको खुश रखें, लगे रहो!
सोशल मीडिया पर एक यूजर ने लिखा- सुरेंद्र भाई, क्या बात है! आपको दिल से सलाम! एक अन्य यूजर ने लिखा- इस भाई को भगवान खुश रखें और यह हमेशा ऐसे ही अच्छे काम करता रहे।












Click it and Unblock the Notifications