हरियाणा में अविश्वास प्रस्ताव रद्द, सीएम का काग्रेंस पर शायराना तंज 'एतबार नहीं मुझ पर, हमें तो अपनी आवाम...
हरियाणा विधानसभा में गुरुवार को कांग्रेस ने भाजपा और जजपा सरकार के खिलाफ अविश्वास प्रस्ताव पेश किया। नेता प्रतिपक्ष व पूर्व मुख्यमंत्री भूपेंद्र सिंह हुड्डा ने खट्टर सरकार के खिलाफ अविश्वास प्रस्ताव सदन में पेश किया। इस अविश्वास प्रस्ताव के दौरान जमकर बहस हुई और सर्वसम्मति से रद्द हो गया।

मुख्यमंत्री मनोहर लाल खट्टर ने विपक्षी कांग्रेस पर हमला बोलते हुए कहा कांग्रेस द्वारा पहले वर्ष 2021 में भी अविश्वास प्रस्ताव लाया गया था। उस समय सरकार का साढ़े तीन साल का समय शेष बचा था तब उनकी मंशा थी कि सरकार गिर जाए तो हम राज कर लेंगे। वहीं आज के अविश्वास प्रस्ताव पर कांग्रेस के सदस्य गंभीरता से चर्चा नहीं कर पाए और बीच में ही सदन को छोड़कर चले गए।
सीएम खट्टर ने कांग्रेस पर शायराना अंदाज में तंज कसा उन्होंने कहा "महफिल में चल रही थी मेरे कत्ल की तैयारी, चर्चा करते करते बोले लंबी उम्र हो तुम्हारी।"
हरियाणा सीएम खट्टर ने कहा कांग्रेस की संस्कृति में विश्वास की परंपरा ही नहीं है। देशहित में जब भी कभी किसी सुधार की बात की गई तो कांग्रेस को कभी विश्वास ही नहीं हुआ। चाहे वो जम्मू-कश्मीर में धारा 370 हटाने की बात हो या तीन तलाक का मामला, कांग्रेस ने इस पर अविश्वास व्यक्त किया। इतना ही नहीं, श्री राम मंदिर पर भी इन्होंने कहा था कि मंदिर बन नहीं सकता। लेकिन केंद्र की भाजपा सरकार ने जनहित में वो सारे काम किए।
मुख्यमंत्री ने आरोप लगाया कि कांग्रेस के शासन में आकाश से लेकर जमीन और पाताल तक के घोटाले हुए। इसमें 2जी, 3जी, कोयला और जमीन के घोटाले शामिल हैं। उन्होंने कहा कि वर्तमान राज्य सरकार में बिना पर्ची-खर्ची के नौकरी मिल रही है। जनता में डंका बज रहा है कि अब गरीब का बच्चा नौकरी लग सकता है।
वहीं हरियाणा के उपमुख्यमंत्री दुष्यंत चौटाला ने भी सदन में कहा राज्य की मौजूदा बीजेपी-जेजेपी सरकार ने पूर्व कांग्रेस सरकार की तरह 'मिनिमम स्पोर्ट टू पीपल' की सोच नहीं रखी, बल्कि गठबंधन सरकार ने दिल बड़ा करके 'मैक्सिमम स्पोर्ट टू पीपल' के तहत काम किया है। जिसका परिणाम है कि राज्य की जनता खुशहाल है।












Click it and Unblock the Notifications