Haryana Election: 4 विधायकों के जाने के बाद कमजोर पड़ी JJP? दुष्यंत चौटाला ने खुलकर दिया जवाब
Haryana Assembly Elections 2024: हरियाणा विधानसभा चुनाव के ऐलानों के साथ सबसे बड़ा झटका पूर्व डिप्टी सीएम दुष्यंत चौटाला को लगा है। चुनाव की तारीखों की घोषणा के बाद जननायक जनता पार्टी (JJP) के भीतर ऐसा भगदड़ मची कि 2 दिन में चार विधायकों ने इस्तीफा दे दिया है।
दुष्यंत चौटाला परिवार के बेहद करीबी माने जाने वाले पूर्व मंत्री और विधायक अनूप धानक सहित ईश्वर सिंह, देवेंद्र बबली और राम करण कला ने पार्टी छोड़ दी। जिसके बाद अब पार्टी के कार्यक्रम में नूंह पहुंचे दुष्यंत चौटाला ने भगदड़ को लेकर अपनी प्रतिक्रिया दी।

JJP नेता दुष्यन्त चौटाला ने कहा, "आगामी 42 दिन में किस प्रकार से संगठन को मजबूत करना है इस पर चर्चा हुई है। मेवात में तीनों सीट कैसे जीतनी है इस पर चर्चा हुई है। मुझे लगता है मजबूती के साथ मेवात जिले में JJP अपने ताकत को बढ़ाएगी।
इसी के साथ चुनाव से पहले हुई टूट पर चौटाला ने कहा कि हमारी 90 की 90 सीटों पर पूरी तैयारी है। आगामी 42 दिन हरियाणा के आने वाले 5 सालों के सुनहरे भविष्य को लिखने का काम करेगा। वहीं पार्टी छोड़ने वाले विधायकों को लेकर चौटाला ने कहा कि जो गए हैं, वो पहले से पार्टी विरोधी गतिविधियों में थे। राज्यसभा के चुनाव में साफ देखा गया था।
नए साथियों को मौका देंगे-दुष्यंत
विधायकों के इस्तीफे पर उन्होंने कहा, "ये लोग पहले भी गए हुए लोग थे। लोकसभा में भी पार्टी विरोधी गतिविधियां की थीं। हमने निरंतर एक्शन लिया है, स्पीकर के पास सुनवाई लंबित है और तो और मैं तो इतना कह सकता हूं कि चौधरी देवी लाल जी ने भी जिंदगी में बहुत लोगों को अच्छे पायदान पर पहुंचाया और बहुत लोग उनको छोड़कर गए लेकिन वो मायूस नहीं हुए। हमारे पास भी एक ही दिशा है कि और मेहनत करेंगे, नए साथियों को मौका देंगे और नए साथियों को भी इसी मुकाम पर लाएंगे।"












Click it and Unblock the Notifications