हरियाणा में MSP पर सरकारी एजेंसियों द्वारा किसानों से खरीदे गए 68 लाख टन से ज्यादा गेंहू
चंडीगढ़। हरियाणा में 1 अप्रैल से शुरू हुई गेंहू की फसल खरीद का किसानों को सरकार सीधे भुगतान कर रही है। 23 अप्रैल तक प्रदेश में 5407 करोड़ से ज्यादा की अदायगी किसानों के खातों में की गई। इसके अलावा 23 अप्रैल तक सरकारी एजेंसियों द्वारा किसानों से 68 लाख टन से ज्यादा गेंहू एमएसपी (न्यूनतम समर्थन मूल्य) पर खरीदा गया। सरकार का अनुमान है कि, इस बार 80 लाख टन से ज्यादा गेंहू की खरीद होगी। रबी सीजन की फसल खरीद के इन दिनों सरकार गेंहू के अलावा जौ की फसल भी एमएसपी पर खरीद रही है।

जनसंपर्क एवं सूचना विभाग द्वारा बताया गया कि, प्रदेश सरकार कुल 10 फसलों को एमएसपी पर खरीदेगी। एक अधिकारी के मुताबिक, हरियाणा में 1 अप्रैल, 2021 से 396 मंडी / खरीद केन्द्रों पर आरंभ रबी खरीद सीजऩ के दौरान 18 अप्रैल तक कुल 50.71 लाख टन गेहूँ की आमद मंडियों में हो चुकी थी, जिसमें से कुल 44.96 लाख टन गेहूँ की खरीद सरकारी एजेंसियों द्वारा न्यूनतम समर्थन मूल्य पर की जा चुकी थी। 18 अप्रैल तक 1,62,918 किसानों के 5,00,236 जे - फॉर्म बनाए जा चुके थे, जिसमें से 17 अप्रैल, 2021 तक 1214.94 करोड़ रुपये की अदायगी सीधे किसानों के खातों में की जा चुकी थी।

विभागीय परीक्षाएं स्थगित करने का निर्णय
इधर, प्रदेश में कोरोना के बढ़ते मामलों को देखते हुए हरियाणा सरकार ने 26 से 30 अप्रैल तक आयोजित की जाने वाली सहायक आयुक्तों, अतिरिक्त सहायक आयुक्त और अन्य अधिकारियों व कर्मचारियों की विभागीय परीक्षाएं स्थगित करने का निर्णय लिया है। हरियाणा के जनसंपर्क एवं सूचना विभाग ने इसकी जानकारी दी। एक सरकारी प्रवक्ता ने इस संबंध में कहा कि, मुख्य सचिव कार्यालय द्वारा इसे लेकर एक पत्र जारी किया गया है। उन्होंने बताया कि यह परीक्षाएं आगामी आदेशों तक स्थगित रहेंगी।












Click it and Unblock the Notifications