Haryana News: सांसद जयप्रकाश के बयान पर भड़की भाजपा प्रदेश महामंत्री अर्चना गुप्ता, प्रेस वार्ता कर बोला हमला
Haryana News: हरियाणा भाजपा की प्रदेश महामंत्री अर्चना गुप्ता ने हिसार लोकसभा सांसद जयप्रकाश के महिला विरोधी बयान पर कांग्रेस को आड़े हाथों लिया है। अर्चना गुप्ता ने कहा कि कांग्रेस पार्टी ने हमेशा महिलाओं को अपमानित और प्रताड़ित किया है। जयप्रकाश ने शर्मनाक बयान दिया कि चौधरी बंसीलाल की विरासत किरण चैधरी और श्रुति चौधरी को कैसे मिल सकती है। ऐसे नेताओं की प्रताड़ना से तंग आकर ही आज किरण चौधरी और श्रुति चौधरी को कांग्रेस छोड़ने के लिए मजबूत होना पड़ा।
अर्चना गुप्ता ने कहा कि भारत मां अंबा, दुर्गा और सरस्वती का देश है। ये अहिल्याबाई का देश है। इस देेश ने हमेशा ही महिलाओं को समान अधिकार दिए हैं। लेकिन कांग्रेस नेता महिलाओं के खिलाफ बयान देने से जरा भी हिचकिचाते नहीं। भाजपा प्रदेश महामंत्री अर्चना गुप्ता ने यहां भाजपा मंगल कमल कार्यालय में पत्रकारों से बातचीत में कहा कि महिलाओं को नीचा दिखाने वाले बयान पर सांसद जयप्रकाश और कांग्रेस पार्टी दोनों ही माफी मांगें। अर्चना ने कहा कि महिलाओं को समान अधिकार हैं और महिलाओं का अपमान किसी भी सूरत में भाजपा सहन नहीं करेगी।

अर्चना गुप्ता ने कहा कि जयप्रकाश बताएं कि इंदिरा गांधी बिना किसी विरासत के प्रधानमंत्री बनी थी क्या। क्या सोनिया गांधी बिना किसी विरासत के इटली से भारत में आकर इतनी मजबूत महिला बनी। क्या प्रियंका गांधी कांग्रेस की राष्ट्रीय महासचिव बिना किसी विरासत के बनी हैं। जयप्रकाश को बयान देेने से पहले अपने अंदर झांकना चाहिए था। कांग्रेस और जयप्रकाश दोनों ही महिलाओं से माफी मांगें। अर्चना गुप्ता ने कहा कि भाजपा में हमेशा महिलाओं का सम्मान होता है। प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी ने ही बेटी बचाओ, बेटी पढ़ाओ का नारा दिया। भाजपा ही राजनीति में महिलाओं की हिस्सेदारी बढ़ाने के लिए 33 प्रतिशत आरक्षण लेकर आई। आज पूर्व मुख्यमंत्री मनोहर लाल की नीतियों के कारण ही 50 प्रतिशत सरपंच महिलाएं बनी हुई हैं। जिससे महिलाओं को खुद में ही सशक्तिकरण का अहसास होता है।
पत्रकार वार्ता में उनके साथ महिला आयोग की पूर्व अध्यक्ष प्रतिभा सुमन, प्रदेश उपाध्यक्ष सुनीता दांगी, भाजपा नेत्री राजबाला एडवोकेट, जिला महामंत्री आशा शर्मा, प्रदेश मीडिया सह प्रभारी शमशेर सिंह खरक, जिला मीडिया प्रभारी तरुण सनी शर्मा, मनोनीत पार्षद अमित बंसल आदि उपस्थित रहे।
भाजपा प्रदेश महामंत्री अर्चना गुप्ता ने कहा कि कांग्रेस के दिग्विजय सिंह हो या जयप्रकाश जैसे नेता उनकी मानसिकता हमेशा महिला विरोधी रही है। कांग्रेस और इसके नेता बार-बार महिलाओं को कमतर आंकते हैं। हरियाणा कांग्रेस में महिला नेताओं को प्रताड़ित और अपमानित किया जाता है। पूर्व मुख्यमंत्री भूपेंद्र सिंह हुड्डा ने अपना परिवार बचाने के लिए कांग्रेस की महिला नेताओं को प्रताडित किया। इसी का नतीजा है कि किरण और श्रुति चौधरी जैसी कद्दावर नेता को कांग्रेस छोड़नी पड़ी और अब वे भाजपा के साथ हैं। अर्चना गुप्ता ने कहा कि कांग्रेस की सोच सदा से ही महिलाओं के खिलाफ रही है। जबकि प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी ने तीन तलाक खत्म करके मुस्लिम महिलाओं को अन्याय से छुटकारा दिलवाया।
भाजपा की प्रदेश महामंत्री अर्चना गुप्ता ने कहा कि प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी को महिलाओं और बेटियों की चिंता है। उनके पोषण से लेकर पढ़ने तक की चिंता है। पहले सैनिक स्कूल में लड़कियों के एडमिशन तक नहीं होते थे। अब बीएसएफ, नेवी में भी बेटियां देश की रक्षा कर रही हैं। अर्चना गुप्ता ने कहा कि ये भाजपा की महिला हितैषी सोच ही है कि 26 जनवरी को अब महिलाएं सेना की टुकड़ियों की कमान संभालती नजर आती हैं। भाजपा ने 11 करोड़ महिलाओं के लिए शौचालय बनवाए, उज्ज्वला योजना के तहत गैस दी, हर घर नल, हर घर जल योजना के तहत घरों तक पानी पहुंचाया। फिलहाल भी 10 करोड़ से ज्यादा महिलाएं सेल्फ हेल्प ग्रुप में काम करती हैं। 3 करोड़ लखपति दीदी बनेंगी। अर्चना गुप्ता ने कहा कि मुख्यमंत्री नायब सैनी ने अब महिला श्रमिक योजना शुरू की है। इसके साथ ही हैप्पी कार्ड का लाभ भी महिलाओं को मिलेगा।
एक सवाल के जवाब में भाजपा की प्रदेश महामंत्री अर्चना गुप्ता ने कहा कि भाजपा में पहले से ही महिलाओं को 33 प्रतिशत आरक्षण है। रहा टिकट का सवाल तो भाजपा में किसी भी महिला को मांगने की जरूरत नहीं पड़ती। भाजपा में महिलाओं को समान अधिकार हैं और जो महिला मजबूत है। उसे बिना मांगें टिकट दिया जाएगा। यही बात भाजपा के हर कार्यकर्ता को लेकर भी है कि जो कार्यकर्ता जिस तरह का कार्य कर रहा है। उसे उसके अधिकार भाजपा घर बैठे ही देती है। एक सवाल के जवाब में उन्होंने कहा कि मणिपुर की घटना पर लगातार बात हो रही है और भाजपा हर जरूरी कदम उठा रही है।












Click it and Unblock the Notifications