हरियाणा के स्वास्थ्य मंत्री का अटपटा बयान, कहा- कांग्रेस कोरोना के साथ मिली हुई है, लड़ाई चलती रहेगी
चंडीगढ़। कोरोना महामारी से निपटने की व्यवस्थाओं पर बात करते हुए हरियाणा के गृह एवं स्वास्थ्य मंत्री अनिल विज कुछ ऐसा बोल गए कि चर्चा हो रही है। न्यूज एजेंसी एएनआई के मुताबिक आज विज ने कहा कि, "कांग्रेस कोरोना के साथ मिली हुई है। कांग्रेस के नेताओं के बयान कोरोना से लड़ाई लड़ रहे लोगों का उत्साह कम करने वाले हैं। इस लड़ाई के मुखिया हमारे पीएम पर भी वे रोज प्रहार कर रहे हैं। वे कोरोना के खिलाफ जंग को बाधित करना चाहते हैं।"

"कांग्रेस मकसद में कामयाब नहीं होगी"
गृह मंत्री अनिल विज ने यह भी कहा कि, हमारी सरकार लगातार महामारी से निपटने में जुटी रहेगी। कांग्रेसी नेता अपने मकसद में कामयाब नहीं होंगे। उन्होंने कहा कि, जो भी शिकायतें मिल रही हैं.. सरकार एक्शन ले रही है। प्रदेश के प्राइवेट अस्पतालों में कोरोना मरीजों से अधिक पैसा वसूलने के मामले में विज बोले कि, सभी अस्पतालों का ऑडिट करवा रहे हैं। अस्पतालों में उपचार के लिए रेट तय हैं। तय दरों से अधिक पैसा वसूलने वाले अस्पतालों के खिलाफ सख्त कार्रवाई होगी।

"फिर हंसने-खेलने वाले दिन आएंगे"
विज ने कहा कि, तय दरों से अधिक पैसा वसूलने वाले अस्पतालों के खिलाफ पुलिस केस भी दर्ज किया जा सकता है और उनके लाइसेंस भी रद्द कर सकते हैं। मंत्री बोले कि, हमें विश्वास है कि फिर हंसने-खेलने वाले दिन आएंगे। लोगों को कुछ दिन और साथ देने की जरूरत है।












Click it and Unblock the Notifications