हरियाणा सरकार ने ब्लैक फंगस के इलाज के लिए अस्पताल अधिकृत किए, मेडिकल कॉलेजों में भी व्यवस्थाएं
चंडीगढ़। कोरोना मरीजों को हो रही "ब्लैक फंगस" बीमारी के इलाज के लिए हरियाणा सरकार ने कई जिलों में अस्पतालों को अधिकृत किया है। ये अस्पताल सोनीपत, दादरी, मेवात, रेवाड़ी, कुरुक्षेत्र, पंचकूला, फरीदाबाद, पलवल और भिवानी समेत कई जिलों में मौजूद हैं। जनसंपर्क एवं सूचना विभाग ने इसकी सूची जारी की है। स्वास्थ्य मंत्री अनिल विज ने कहा कि ब्लैक फंगस पर नियंत्रण को लेकर सरकार ने राज्य के सभी मेडिकल कॉलेजों में 20-20 बेड के वार्ड तैयार किए हैं।

सभी मेडिकल कॉलेजों में हैं व्यवस्थाएं
स्वास्थ्य मंत्री ने कहा कि, मेडिकल कॉलेजों में विशेषज्ञ चिकित्सकों द्वारा ब्लैक फंगस के मरीजों का इलाज किया जाएगा। मंत्री ने बताया कि प्रदेश के सभी जिला चिकित्सा अधिकारियों को निर्देश दिए हैं कि यदि उनके पास कोई भी ब्लैक फंगस का मरीज उपचार के लिए आता है तो उसे तुरंत समीप के मेडिकल कॉलेज में रेफर कर दिया जाए। मेडिकल कॉलेजों में ब्लैक फंगस के इलाज के लिए तमाम सुविधाएं और विशेषज्ञ डॉक्टर्स मौजूद हैं। अब तक प्रदेश में ब्लैक फंगस के 115 मामले सामने आए हैं।

सरकार के पास दवाएं पर्याप्त मात्रा में मौजूद
स्वास्थ्य मंत्री ने कहा कि, हरियाणा सरकार के पास ब्लैक फंगस की इलाज को लेकर पर्याप्त मात्रा में दवाइयां मौजूद हैं। जल्द ही केंद्र सरकार भी विदेशों से टीके का आयात कर रही है, जिनमे से भी हरियाणा को कुछ टीके मिलेंगे। स्वास्थ्य मंत्री ने कहा कि, हरियाणा के जिन प्राइवेट अस्पतालों में कोरोना मरीजों से निर्धारित शुल्क से ज्यादा वसूली की शिकायत मिलेगी तो उस पर कड़ी कार्रवाई की जाएगी।

लॉकडाउन से दिक्कतें झेलनी पड़ रहीं
प्रदेश में लगे लॉकडाउन पर विज ने कहा कि, इससे छोटे दुकानदारों, कारोबारियों और दिहाड़ी मजदूरों को दिक्कतों का सामना करना पड़ रहा है। उन्होंने कहा कि, हालांकि, लॉकडाउन में उन लोगों ने जो सहयोग दिया है वह काबिले तारीफ है। इससे राज्य में कोरोना मामलों में कमी आई है।

अब संक्रमितों की संख्या लगातार घट रही
मंत्री ने कहा कि, जिस दिन लॉकडाउन की घोषणा की गई थी, उस दिन प्रदेश में 16000 मामले सामने आए थे, लेकिन आज यह संख्या घटकर 7500 हो गई है। मंत्री ने कहा कि, अभी कुछ दिन और कठिनाई भरे रहेंगे, इसमें सब अपना सहयोग जारी रखें।












Click it and Unblock the Notifications