बम की धमकी से हरियाणा में हड़कंप! CM नायब सिंह सैनी के घर और दफ्तर पर खतरा! हाई अलर्ट पर पुलिस
Nayab Singh Saini News: हरियाणा के मुख्यमंत्री नायब सिंह सैनी के आवास और दफ्तर को बम से उड़ाने की धमकी आज 30 मई को मिली है। जिसके बाद हरियाणा पुलिस ने सिक्योरिटी बढ़ा दी है। ये धमकी एक अज्ञात ईमेल के जरिए आई। धमकी भरे ईमेल में मुख्यमंत्री के निवास और कार्यालय को बम से उड़ाने की बात कही गई है। धमकी मिलने के बाद सुरक्षा एजेंसियां सतर्क हो गई हैं। सीएम आवास संत कबीर कुटीर और सचिवालय चंडीगढ़ में है।
पुलिस अधिकारियों ने बताया कि ईमेल की जांच की जा रही है और इसके सोर्स का पता लगाने के लिए साइबर सेल की टीम लगी हुई है।
मुख्यमंत्री के आवास और कार्यालय के आसपास सुरक्षा बढ़ा दी गई है, और संदिग्ध गतिविधियों पर नजर रखने के लिए अतिरिक्त बल तैनात किया गया है।

ईमेल में लिखा था- कार्यालय भवन में बम है
दोपहर करीब 3:15 बजे सूचना मिली कि कार्यालय भवन में बम हो सकता है। बम की धमकी के बारे में हरियाणा सीआईडी ने अलर्ट जारी किया। जिसके बाद केंद्रीय औद्योगिक सुरक्षा बल (CISF) और पुलिस ने तत्काल और उचित कदम उठाते हुए दोनों परिसरों को खाली करा दिया।
चंडीगढ़ पुलिस ने क्या कहा?
चंडीगढ़ के पुलिस उपाधीक्षक उदयपाल सिंह ने बताया, "हरियाणा सिविल सचिवालय को खाली करा लिया गया है। सीआईएसएफ और चंडीगढ़ पुलिस कर्मियों ने घोषणा की कि अंदर मौजूद लोग बाहर आ जाएं।"
पुलिस को सूचना मिलते ही बम निरोधक दस्ता, दमकल विभाग, एंबुलेंस, त्वरित प्रतिक्रिया दल और डॉग स्क्वायड उच्च सुरक्षा वाले सचिवालय परिसर में पहुंच गए और दोनों स्थानों पर सुरक्षा बढ़ा दी गई। इमारत और आसपास के इलाकों में बम और डॉग स्क्वायड की मदद से तलाशी अभियान चलाया जा रहा है।
इस घटना के बाद राज्य सरकार और सुरक्षा एजेंसियां सतर्क हो गई हैं और मुख्यमंत्री की सुरक्षा सुनिश्चित करने के लिए सभी जरूरी कदम उठाए जा रहे हैं। पुलिस ने जनता से भी अपील की है कि वे किसी भी संदिग्ध गतिविधि की सूचना तुरंत संबंधित अधिकारियों को दें।
धमकी की जांच जारी है और सुरक्षा एजेंसियां मामले की गंभीरता को ध्यान में रखते हुए सभी पहलुओं की पड़ताल कर रही हैं। यह धमकी पश्चिम बंगाल स्वास्थ्य विभाग के मुख्यालय स्वास्थ्य भवन के अधिकारियों को मंगलवार (27 मई) को एक ईमेल मिलने के दो दिन बाद आई है, जिसमें इमारत को बम से उड़ाने की धमकी दी गई थी। यह लगातार दो दिनों में दूसरी ऐसी धमकी थी।












Click it and Unblock the Notifications