Haryana Chunav 2024: 'PM से ये उम्मीद ना थी', मोदी की 'दामाद' टिप्पणी पर भड़के रॉबर्ट वाड्रा
Haryana Chunav 2024: हरियाणा की 90 विधानसभा सीटों पर 5 अक्टूबर 2024 को मतदान होने जा रहे हैं, जिसमें 1031 उम्मीदवार चुनावी मैदान में हैं। सभी राजनीतिक दल पूरे जोर-शोर से चुनाव प्रचार में जुटे हुए हैं। इस चुनावी दंगल में राजनीतिक दलों के बीच आरोप-प्रत्यारोप का दौर जारी है। चुनावी माहौल में दिलचस्प मोड़ तब आया, जब रॉबर्ट वाड्रा ने प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के 'दामाद' वाले बयान पर कड़ा पलटवार किया।
वाड्रा ने कहा कि 'दलाल और दामाद' कहने के लहजे को 'घटिया' करार देते हुए कहा कि एक प्रधानमंत्री से इससे बेहतर व्यवहार की उम्मीद की जाती है। वाड्रा के तीखे पलटवार से साफ है कि यह मुद्दा चुनावी मंच पर गरमाएगा और कांग्रेस इस बयान को चुनाव प्रचार में भी भुनाने की कोशिश कर सकती है। आइए जानते हैं क्या कुछ कहा पीएम मोदी ने और वाड्रा का करारा जवाब...

क्या था पीएम मोदी का 'दलाल और दामाद' बयान?
24 सितंबर को सोनीपत जिले के गोहाना में एक रैली के दौरान प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने कांग्रेस पर हमला बोलते हुए कहा था, 'कांग्रेस का शाही परिवार देश का सबसे भ्रष्ट परिवार है। जब हाईकमान भ्रष्ट होता है, तो नीचे लूट का खुला लाइसेंस मिल जाता है। किसानों की जमीनें लूटी गईं और प्रदेश को दलालों और दामादों के हवाले कर दिया गया था।' यह टिप्पणी सीधे तौर पर कांग्रेस और विशेष रूप से रॉबर्ट वाड्रा पर निशाना लगाती प्रतीत हुई, जो प्रियंका गांधी वाड्रा के पति और एक व्यवसायी हैं।
रॉबर्ट वाड्रा ने दिया करारा जवाब
प्रधानमंत्री मोदी की टिप्पणी पर प्रतिक्रिया देते हुए रॉबर्ट वाड्रा ने कहा कि वह प्रधानमंत्री द्वारा उनका नाम एक बार फिर से घसीटे जाने पर हैरान हैं। वाड्रा ने आरोप लगाया कि पिछले दशक में हरियाणा और केंद्र सरकारों ने उनके व्यवसाय और जमीनों की जांच के लिए आयोग बनाए, लेकिन अब तक कोई गड़बड़ी साबित नहीं हो पाई। उन्होंने कहा, 'हमें हर तरह के नोटिस मिले, हरियाणा में हमारी सभी गतिविधियों को रोकने की कोशिश की गई, लेकिन कुछ भी गलत साबित नहीं हुआ।'
उन्होंने प्रधानमंत्री के 'दलाल और दामाद' कहने के लहजे को 'घटिया' करार देते हुए कहा कि एक प्रधानमंत्री से इससे बेहतर व्यवहार की उम्मीद की जाती है। वाड्रा ने यह भी आरोप लगाया कि सरकार अपने गलत कामों को छिपाने के लिए ऐसे बयान दे रही है, जबकि हरियाणा की जनता मौजूदा सरकार से खुश नहीं है।
हरियाणा चुनाव पर वाड्रा की राय
हरियाणा विधानसभा चुनावों को लेकर वाड्रा ने कहा कि कांग्रेस इस बार अच्छा प्रदर्शन करेगी क्योंकि लोग बदलाव चाहते हैं। उन्होंने कहा, लोगों ने मौजूदा सरकार को दो कार्यकाल दिए, लेकिन अब वे बदलाव के लिए तैयार हैं। वाड्रा का मानना है कि कांग्रेस जनता के अनुभवों के आधार पर इस बार बेहतर परिणाम हासिल करेगी।
राजनीतिक प्रतिक्रिया और चुनावी माहौल
रॉबर्ट वाड्रा का यह बयान चुनावी माहौल को और गरमा सकता है, खासकर तब जब हरियाणा में प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी की अपील और उनकी पार्टी भाजपा का प्रभाव काफी मजबूत रहा है। दूसरी ओर, कांग्रेस भी इस बार राज्य में अपनी पुरानी जमीन वापस पाने के लिए पूरी कोशिश कर रही है।
हरियाणा की 90 विधानसभा सीटों पर होने वाले चुनावों में भाजपा, कांग्रेस, और जेजेपी (जननायक जनता पार्टी) के बीच कड़ी टक्कर देखने को मिल सकती है। प्रधानमंत्री मोदी के बयान और रॉबर्ट वाड्रा के पलटवार ने इस चुनावी संघर्ष को और भी तीखा बना दिया है।












Click it and Unblock the Notifications