करनाल में किसानों की महापंचायत पर क्या बोले हरियाणा के मुख्यमंत्री मनोहरलाल खट्टर?
करनाल। हरियाणा के करनाल में आज आयोजित किसानों की महापंचायत पर मुख्यमंत्री मनोहरलाल खट्टर का बयान आया है। मुख्यमंत्री ने किसानों और सरकारी प्रतिनिधियों के बीच सार्थक बातचीत की उम्मीद जताई है। मुख्यमंत्री ने दोपहर के समय कहा कि, मुझे लगता है कि कोई न कोई रास्ता निकल जाएगा।
Recommended Video

किसान महापंचायत पर मुख्यमंत्री बोले कि, "लोकतंत्र में सभी को कार्यक्रम करने का अधिकार है। किसानों ने वहां (करनाल अनाज मंडी) एक सभा बुलाई है, जो अभी चल रही है। साथ ही एक किसानों की कमेटी भी बनी है, जिसकी प्रशासन से बात-चीत चल रही है। मुझे लगता है इस बातचीत से कोई उनका हल निकलेगा। हमारी सरकार किसान हितैषी है।"

लाठीचार्ज के विरोध में हुई महापंचायत
बता दें कि, किसान संगठनों के नेताओं ने करनाल में किसान महांपचायत को बसताड़ा टोल पर हुए लाठीचार्ज के विरोध में आयोजित किया है। दरअसल, पिछले दिनों इसी टोल पर पुलिस-प्रदर्शनकारियों में झड़प हुई थी। जिसमें काफी किसानों को चोटें आई थीं। कई के सिर से खून बहने लगा था। एक प्रदर्शनकारी की मौत भी हो गई थी। जिसके बाद अब करनाल में महांपचायत बुलाई गई है। किसान नेताओं का कहना है कि, किसान अभी अनिश्चितकाल के लिए मिनी सचिवालय का घेराव करेंगे। एक भाकियू नेता ने आज सुबह कहा था कि, हजारों किसान मिनी सचिवालय का घेराव करने जा रहे हैं। करनाल जिले के अनाज मंडी इलाके में आज किसानों की महापंचायत है। हालांकि, किसान संगठनों के घेराव के ऐलान के मद्देनजर पुलिस-प्रशासन ने सुरक्षा के कड़े इंतजाम किए हुए हैं। सरकार ने प्रदेश के 5 जिलों में सभी मोबाइल कंपनियों की इंटरनेट एवं SMS सेवाएं बंद कर दी हैं। वहीं, जिले में धारा 144 लागू है। बड़ी संख्या में सुरक्षाबलों की तैनाती की गई है। 40 नाकों पर पुलिस मौजूद है। इसके अलावा आज सुबह से बारिश ने भी प्रदर्शनकारियों के जुटने में अड़चन लगा दीं।












Click it and Unblock the Notifications