हरियाणा सरकार खरीदेगी कोरोना वैक्सीन की 1 करोड़ डोज, ब्लैक फंगस के भी 15 हजार इंजेक्शन लाए जाएंगे
चंडीगढ़। हरियाणा सरकार एक करोड़ करोना वैक्सीन खरीदेगी। इसके अलावा ब्लैक फंगस के मरीजों के लिए भी 15 हजार इंजेक्शन लाए जाएंगे। राज्य सरकार के एक अधिकारी ने बताया कि, कोरोना वैक्सीन और एंटी ब्लैक फंगस इंजेक्शन खुले बाजार से खरीदे जाएंगे। इसके लिए राज्य सरकार ने वैश्विक बाजार का रूख किया है और अन्य देशों की कंपनियों से संपर्क कर रही है। मनोहर लाल खट्टर की अगुवाई वाली सरकार चाहती है कि, प्रदेश में दवाओं की कमी न रहे, कमी को दूर करने के लिए ही यह बड़ा कदम उठाया गया है।

कोरोना वैक्सीन खरीद के दो टेंडर जारी
हरियाणा चिकित्सा सेवा निगम ने कोरोना वैक्सीन की खरीद के लिए दो टेंडर जारी किए हैं। इसके अलावा सरकार ने ब्लैक फंगस के इलाज में कारगर इंजेक्शन की खरीद के लिए भी टेंडर निकाला है। ऐसा मुख्यमंत्री मनोहर लाल और गृह व स्वास्थ्य मंत्री अनिल विज के निर्देश पर हुआ है। सरकारी सूत्रों के मुताबिक, इन टेंडर के जरिये अब हरियाणा देश या विदेश कहीं से भी कोरोना वैक्सीन खरीद सकेगा। सरकार को उम्मीद है कि अगले दो-चार दिन में इसके नतीजे सामने आ जाएंगे। हरियाणा के स्वास्थ्य मंत्रालय का कहना रहा है कि, हरियाणा में वैक्सीनेशन की रफ्तार दूसरे राज्यों के मुकाबले काफी बेहतर है। हालांकि, केंद्र सरकार की ओर से जरूरत की पूर्ति नहीं हो पा रही।
केंद्र और राज्य सरकार दोनों उठा रहीं खर्च
प्रदेश में वैक्सीनेशन जो चल रहा है, उसमें 45 साल से उम्र के लोगों को वैक्सीन मुफ्त लगती है। जबकि 18 से 44 साल की उम्र के लोगों को वैक्सीन लगाने का खर्च राज्य सरकार को ही उठाना पड़ता है। राज्य सरकार ने हरियाणा में 18 से 44 साल के सभी लोगों को मुफ्त वैक्सीन लगने क निर्णय लिया है। सरकार का दावा है कि, हरियाणा में अब तक 54 लाख लोगों को वैक्सीन के डोज दिए जा चुके हैं। आंकड़ों में ही राज्य में इस समय वैक्सीन की 53 लाख 72 हजार 311 डोज दे दिए गए हैं।












Click it and Unblock the Notifications