किसानों के लिए खुशखबरी, इस नई योजना से हरियाणा सरकार देगी 5 लाख रुपए तक के पुरस्कार
चंडीगढ़। हरियाणा सरकार द्वारा किसानों के लिए 'मुख्यमंत्री प्रगतिशील किसान सम्मान योजना' के तहत पुरस्कारों का ऐलान किया जा जाएगा। इस बारे में कृषि विभाग की ओर से बताया गया कि, 'मुख्यमंत्री प्रगतिशील किसान सम्मान योजना' प्रगतिशील किसानों को प्रेरित करने उनकी पहचान तथा सम्मानित करने व साथी किसानों को सर्वोत्तम कृषि प्रणालियों को अपनाने के लिए प्रोत्साहित करने हेतु शुरू की गई है।

15 जनवरी तक कर सकते हैं रजिस्ट्रेशन
सरकार की 'मुख्यमंत्री प्रगतिशील किसान सम्मान योजना' के तहत पुरस्कारों के लिए किसान www.agriharyana.gov.in वेबसाइट पर 27 दिसम्बर, 2021 से 15 जनवरी, 2022 तक अपना पर्चा भरवा सकते हैं। विभाग के अनुसार, 'मुख्यमंत्री प्रगतिशील किसान सम्मान योजना' के तहत चयनित किसानों को कृषि तथा सम्बन्धित क्षेत्रों में उनके उत्कृष्ट कार्य के लिए नकद पुरस्कार से सम्मानित किया जाएगा। इनमें कृषि फसलों से अधिक उत्पाद प्राप्त करने के साथ-साथ अन्य गतिविधियां जैसे पानी की बचत, फसल अवशेष प्रबन्धन, जैविक खेती, एकीकृत कृषि प्रणालियों, टिकाऊ कृषि आदि अपनाना शामिल है।

5 लाख रुपए तक के पुरस्कार दिए जाएंगे
सरकार की ओर से राज्य स्तर पर प्रथम पुरस्कार प्राप्त करने वाले किसान को 5 लाख रुपए नकद प्रदान किए जाएंगे। वहीं, तीन-तीन लाख रुपये के 2 द्वितीय पुरस्कार और एक-एक लाख रुपये के 5 तृतीय पुरस्कार भी किसानों को दिए जाएंगे। इसके अलावा भी सरकार की ओर से, 50-50 हजार रुपये के 4 पुरस्कार प्रति जिलावार वितरित किए जाएंगे। कृषि मंत्री ने कहा है कि, उनकी सरकार किसानों को सम्मानित करने के लिए अन्य तरीकों को भी ईजाद कर रही है।

जिला स्तर पर मिलेंगे 50-50 हजार रुपये
कृषि विभाग की ओर से 'मुख्यमंत्री प्रगतिशील किसान सम्मान योजना' के बारे में कहा जा रहा है कि, इस योजना के तहत प्रगतिशील किसानों को दिए जाने वाले पुरस्कारों से प्रेरित होकर अन्य किसान भी कृषि की नई तकनीक को अपनाकर कृषि क्षेत्र में प्रगतिशील बनेंगे। मुख्यमंत्री प्रगतिशील किसान सम्मान योजना के अलावा सरकार ने किसान आंदोलन के दौरान पीड़ित किसानों को मुआवजे का भी ऐलान किया है। जिसकी राशि को लेकर आने वाले समय में फैसला लिया जा सकता है।












Click it and Unblock the Notifications