हरियाणा: सोनीपत की केमिकल फैक्ट्री में आग, दिल्ली दमकल विभाग ने भी भेजीं अपनी गाड़ियां
नई दिल्ली, 17 अप्रैल: हरियाणा के सोनीपत में रविवार शाम एक बड़ा हादसा हुआ, जहां एक केमिकल फैक्ट्री में भीषण आग लग गई। आनन-फानन में दमकल की गाड़ियां पहुंचीं और आग बुझाने का काम शुरू किया। मामले की गंभीरता को देखते हुए हरियाणा सरकार ने दिल्ली दमकल सेवा से भी वाहन भेजने का अनुरोध किया था। जिस पर दिल्ली के भी फायर टेंडर मौके पर पहुंचे। अभी तक घटना में किसी के हताहत होने की खबर नहीं है।

जानकारी के मुताबिक कुंडली इलाके में स्थित केमिकल फैक्ट्री से रविवार शाम धुंआ निकलता देखा गया। जब तक लोग कुछ समझ पाते, आग ने विकराल रूप ले लिया था। इसके बाद तुरंत फायर ब्रिगेड को जानकारी दी गई और फैक्ट्री के साथ ही आसपास की इमारतों को भी खाली करवाया गया। अभी तक आग लगने के कारणों का पता नहीं चल पाया है। फैक्ट्री में मौजूद ज्यादातर लोगों को निकाल लिया गया है।
रायपुर में भी लगी थी आग
अभी शुक्रवार को छत्तीसगढ़ के रायपुर के कोटा इलाके में स्थित एक केमिकल फैक्ट्री में आग लग गई थी। जिसके बाद केमिकल सड़कों पर बहने लगा। इस वजह से आग की लपटें भी बाहर आ गईं। कुछ ही देर में फैक्ट्री के बगल के दो मकान भी उसकी चपेट में आ गए। इसके बाद दमकल की गाड़ियों ने कड़ी मशक्कत की और आग पर काबू पाया। राहत की बात ये रही कि घटना में कोई भी घायल नहीं हुआ था।












Click it and Unblock the Notifications