CM खट्टर की प्रदर्शनकारियों से अपील, बोले- मानवता के आधार पर वापस लें किसान आंदोलन
चंड़ीगढ़। हरियाणा-दिल्ली की सीमाओं पर महीनों से चल रहे किसान आंदोलन को लेकर मुख्यमंत्री मनोहर लाल खट्टर ने कहा है कि, प्रदर्शनकारियों को अब अपने-अपने घरों को लौटना चाहिए। खट्टर ने अपील की कि, कोरोना महामारी के बढ़ते मामलों के मद्देनजर मानवता के आधार पर आंदोलन वापस लेना चाहिए। उन्होंने कहा, "विरोध-प्रदर्शन करना हर व्यक्ति का संवैधानिक अधिकार है। यह आंदोलन शांतिपूर्ण तरीके से होता है तो सरकार को कोई समस्या नहीं, लेकिन कोरोना की वजह से पनपे हालत गंभीर चिंता का विषय हैं। बेहतर यही होगा कि, प्रदर्शनकारियों को जमावड़ा छोड़कर बॉर्डर खाली करने चाहिए।"

जानकारी के मुताबिक, मुख्यमंत्री द्वारा कोरोना महामारी की स्थिति की समीक्षा करने के लिए बैठक बुलाई गई थी। जहां मुख्यमंत्री ने कहा कि, इस समय कोविड-19 की वजह से लोगों की जान को खतरा हो सकता है। ऐसे में यह विरोध-प्रदर्शन करने का सही समय नहीं है। मुख्यमंत्री ने कहा कि, किसानों को अपना आंदोलन मानवता के आधार पर वापस ले लेना चाहिए। उन्होंने कहा कि, स्थिति में सुधार होने के बाद वे अपना प्रदर्शन जारी रख सकते हैं। इसके साथ ही मुख्यमंत्री ने जिला उपायुक्तों को भी निर्देश दिया कि वे प्रदर्शनकारी किसानों से संपर्क करें और उन्हें इसके लिए मनाएं।

इससे पहले बीते सप्ताह हरियाणा के गृह मंत्री अनिल विज ने भी कहा था कि कोरोना अब जब एक बार फिर बहुत तेजी से फैल रहा है, तो राज्य की सीमाओं पर किसानों का इतना बड़ा जमावड़ा लगा हुआ है। उन्होंने कहा कि, मुझे जनता के साथ ही किसानों भी कोरोना संक्रमण से बचाना है। उन्होंने कहा कि, इस स्थिति से निपटने के लिए मैं केंद्रीय कृषि मंत्री नरेंद्र सिंह तोमर को पत्र लिखने वाला हूं, जिससे कि किसानों के साथ बातचीत का सिलसिला दोबारा शुरू किया जा सके।












Click it and Unblock the Notifications