भारत बंद: करनाल में किसानों ने हेलीपैड उखाड़ा, CM खट्टर का प्रोग्राम रद्द, इधर-उधर फेंके कुर्सी-सोफे
करनाल। केंद्र सरकार के 3 नए कृषि कानूनों के खिलाफ 13 दिन से प्रदर्शन कर रहे किसान संगठनों का आज 'भारत बंद' है। इस बंद का सबसे ज्यादा असर हरियाणा में देखा जा रहा है। भारत बंद के आह्वान पर कई संगठन सुबह 11 बजे से ही एकत्रित होने लगे। यहां कई जिलों में विरोध-प्रदर्शन हो रहा है। सड़कें जाम की जा रही हैं और सरकारी कार्यालयों का कामकाज प्रभावित भी हो रहा है। आज मुख्यमंत्री मनोहर लाल खट्टर का करनाल दौरा होना था, लेकिन हालत देखते हुए रद्द कर दिया गया। खासकर, जिले के गांव पाढा में खट्टर का बहुत विरोध हो रहा है।

हरियाणा के कई जिलों में प्रदर्शन
खट्टर गांव पाढा में आने वाले थे। उनका यहां आज एक कार्यक्रम था, मगर इससे घंटों पहले लोगों ने यहां बनाए गए हेलीपैड को उखाड़ दिया। आयोजन के लिए की जा रही तैयारियां धरी रह गईं। मुख्यमत्री के कार्यक्रम से पहले ही कुर्सी-सोफे सब तितर-बितर कर दिए गए। साथ ही कई जगह सड़कों को घेरकर बैठ गए। वहीं, सोनीपत में भी असर देखा गया है। पानीपत के एक बाजार में दुकानें खुलीं, लेकिन लोग कम नजर आए। हालांकि, अभी कुछ जिलों में दूध की सप्लाई, शराब के ठेके आदि खुले नजर आ रहे हैं।

बंद रहेंगे राज्य के हजारों पेट्रोल पंप
हरियाणा पेट्रोलियम डीलर वेलफेयर एसोसिएशन के प्रधान संजीव चौधरी ने कहा कि, हम किसान संगठनों के भारत बंद को देखते हुए फैसला किए हैं कि राज्य के 3400 पेट्रोल पंप बंद रखे जाएंगे। उन्होंने कहा कि, ऐसा दोपहर बाद 3 बजे तक रह सकता है। उधर, सूबे की सब्जी मंडियां भी बंद हैं। आढ़तिए पहले से ही बंद में शामिल हुए हैं। वहीं, रोडवेज निगम के अधिकारियों ने कहा कि, यात्री नहीं मिलेंगे तो बसें भी खड़ी रहेंगी।












Click it and Unblock the Notifications