पहले डंडे से CCTV कैमरे का मुंह ऊपर किया, फिर ₹20.7 लाख से भरा ATM ही गायब कर दिया
करनाल। हरियाणा में करनाल जिला स्थित नमस्ते चौक के पास बदमाश 20.76 लाख रुपए से भरे एटीएम को उखाड़ ले गए। यह वारदात उन्होंने 10 मिनट से भी कम समय में अंजाम दी। बदमाशों ने वहां लगे एक कैमरे का मुंह डंडे से ऊपर किया था और दूसरे कैमरे पर ब्लैक स्प्रे किया। उसके बाद किसी तकनीक से रात में ही पूरी मशीन समेत उखाड़कर उसे किसी वाहन में लेकर फरार हो गए। पुलिस के अनुसार, यह वारदात रात को 3:24 बजे अंजाम दी गई।

घटना का खुलासा तब हुआ जब चौकीदार सुबह 8:30 बजे वहां पहुंचा और एटीएम न मिलने पर बैंक मैनेजर को फोन किया। उसने बताया कि, यह एटीएम एसबीआई का था, जो कि भारत की सबसे बड़ी बैंक मानी जाती है। वहीं, जब तक बैंक के अधिकारियों और पुलिस को सूचना मिली, तब तक एटीएम लूट की वारदात हुए करीब 6 घंटे बीत चुके थे इससे सवाल उठने लगे कि वारदात के समय चौकीदार कहां था? कोई गार्ड वहां तैनात क्यों नहीं था?
बैंक मैनेजर श्याम कुमार मंडल ने पुलिस के समक्ष शिकायत दर्ज कराई। पुलिस अब उन बदमाशों की तलाश में जुटी है। पुलिस का मानना है कि एटीएम मशीन को उखाड़कर ले जाने वाले बदमाश 4-5 हो सकते हैं। सीसीटीवी कैमरे के अनुसार, वे बदमाश 3:24 बजे आए और 3:28 बजे उन्होंने मशीन को वाहन में रखा। उसके बाद 3:30 बजे वे एटीएम सहित फरार हो गए।
इस घटना की एक कमजोर कड़ी यह है, वारदात के समय एटीएम पर कोई गार्ड नहीं था। वहीं, पुलिस का कहना है कि सभी बैंकों को रात एटीएम खुले रखने पर सिक्योरिटी गार्ड तैनात रखने के आदेश दिए जा चुके हैं, हालांकि, जहां यह वारदात हुई है, वहां एटीएम पर कोई गार्ड नहीं था। माना जा रहा है कि, बदमाश एटीएम को गाड़ी में रखकर जीटी रोड के रास्ते ले गए और एटीएम उखाड़कर ले जाने में उन्होंने केवल 6 मिनट लगाए। उस एटीएम में 20 लाख 76 हजार 500 रुपए थे। सीसीटीवी फुटेज में दिखे एक बदमाश ने पहले डंडे से कैमरे का मुंह ऊपर किया था।












Click it and Unblock the Notifications