Haryana Elections: कांग्रेस और आप में सीटों के बंटवारे पर समझौता, आप पार्टी 5 सीटों पर लड़ेगी चुनाव
Haryana Assembly Elections 2024: हरियाणा विधानसभा चुनावों के लिए कांग्रेस और आम आदमी पार्टी के बीच सीटों के बंटवारे का समझौता तय हो गया है। पार्टी सूत्रों के मुताबिक आप हरियाणा की 90 सदस्यीय विधानसभा में पांच सीटों पर चुनाव लड़ेगी।
सूत्रों के मुताबिक कांग्रेस नेता दीपक बाबरिया और आप के राज्यसभा सांसद राघव चड्ढा के बीच सोमवार को सकारात्मक बातचीत के बाद गठबंधन की औपचारिक घोषणा होने की उम्मीद है। राघव चड्ढा ने बताया कि दोनों पार्टियां अपनी व्यक्तिगत आकांक्षाओं को दरकिनार कर हरियाणा के हित में एकजुट होकर काम कर रही हैं।

चड्ढा ने कहा कि बातचीत सकारात्मक माहौल में हो रही है और हमें अनुकूल परिणाम की उम्मीद है। हमारी प्राथमिकता हरियाणा के लोगों की मांगों को ध्यान में रखते हुए चुनाव लड़ने की है। हालांकि उन्होंने सीटों के बंटवारे पर विस्तार से टिप्पणी करने से इनकार किया। लेकिन आश्वस्त किया कि नामांकन की अंतिम तिथि से पहले सभी फैसले ले लिए जाएंगे।
हरियाणा विधानसभा के लिए मतदान 5 अक्टूबर को होना है। जबकि नामांकन दाखिल करने की अंतिम तिथि 12 सितंबर है। सूत्रों के अनुसार आप ने शुरुआत में दस सीटों की मांग की थी। जबकि कांग्रेस सात सीटों की पेशकश कर रही थी। अब पांच सीटों पर सहमति बनी है।
गौरतलब है कि कांग्रेस और आप पहले भी इंडिया गठबंधन के हिस्से के रूप में दिल्ली, हरियाणा और गुजरात में लोकसभा चुनावों के लिए सीटों के बंटवारे का समझौता कर चुके हैं। हरियाणा में आप के प्रदेश अध्यक्ष सुशील गुप्ता लोकसभा चुनाव में भाजपा के नवीन जिंदल से हार गए थे।
आपको बता दें कि हरियाणा प्रदेश अध्यक्ष सुशील गुप्ता ने हाल ही में कहा था कि जरूरत पड़ने पर आप हरियाणा की सभी 90 सीटों पर स्वतंत्र रूप से चुनाव लड़ने के लिए तैयार है। कांग्रेस और आप ने पंजाब में लोकसभा चुनाव स्वतंत्र रूप से लड़े थे।












Click it and Unblock the Notifications